न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: इन दिनों बाजार में प्याज की कीमत आसमान पर है. राजधानी रांची की बाजारों में इस वक्त प्याज 60-65 रुपये प्रति किलो बिक रहा है. इस महंगाई का सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ रहा है. इसी बीच आम जनता को इस महंगाई से थोड़ी राहत देने के लिए भारत सरकार ने एक सराहनीय पहल की है. रांची में भारत सरकार के द्वारा नेशनल कोऑपरेटिव कंज्यूमर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (NCCF) के माध्यम से सिर्फ 35 रुपये किलो प्याज दिया जा रहा है.
रांची में अलग-अलग चौक चौराहों पर NCCF के द्वारा छोटी गाड़ियों से प्याज की बिक्री की जा रही है. इन गाड़ियों से सस्ता प्याज लेने के लिए लोगों की लंबी-लंबी कतारें भी लग रही है. आज 7 सितंबर को रांची के हरमू रोड में NCCF की गाड़ी के माध्यम से 35 रुपये किलो प्याज दिया जा रहा है, जिसे लेने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी है. यहां एक व्यक्ति को अधिकतम दो किलो प्याज दिया जा रहा है.
रांची में सस्ता प्याज खरीद रहे लोगों ने कहा कि एक ओर जहां बाजारों में 60 रुपये किलो प्याज मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर आधी कीमत पर मिल रहा यह प्याज आम जनता के लिए बड़ी राहत है.

NCCF रांची के शाखा प्रबंधक प्रिंस कुमार ने बताया कि बहरत सरकार की ओर से जनता को सस्ती दर पर प्याज उपलब्ध कराया जा रहा है. रांची में आज चुटिया , कोकर, रातू रोड , रवि स्टील समेत अन्य जगहों पर भी यह गाड़ी जाएगी. इसके अलावा आने वाले दिनों में झारखंड के विभिन्न जिलों में भी लोगों को सस्ते प्याज का लाभ मिलेगा.
इसे भी पढ़ें: धनबाद: इंफ्लुएंसर आर्यन केल्विन के फैन मीटअप में हंगामा, पत्थरबाजी के बाद मची अफरा-तफरी