संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: मेदिनीनगर स्थित कांग्रेस भवन में पलामू जिलाध्यक्ष विमला कुमारी के नेतृत्व में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी जी की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई. इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके आदर्शों को याद करते हुए इस दिन को 'सद्भावना दिवस' के रूप में मनाया. श्रद्धांजलि सभा के उपरांत सभी कार्यकर्ता मेदिनीनगर रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां गरीब और जरूरतमंद लोगों के बीच खाने के पैकेट और ताजे फल बांटे गए.
कार्यक्रम में मुख्य रूप से मौजूद झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री के.एन. त्रिपाठी ने कहा कि राजीव गांधी जी ने मात्र 40 वर्ष की आयु में देश के सबसे युवा प्रधानमंत्री बनने का गौरव हासिल किया था. उन्होंने देश को आधुनिकता की ओर ले जाने के लिए संचार क्रांति और कंप्यूटर युग की शुरुआत की, जिससे भारत विश्व पटल पर मजबूत हुआ. साथ ही, युवाओं को देश के लोकतंत्र में भागीदार बनाने के लिए मतदान की आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष करने का ऐतिहासिक फैसला भी उन्हीं की देन था. उनके बताए मार्ग और जन कल्याणकारी कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी.
जिलाध्यक्ष विमला कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि राजीव गांधी जी ने युवा भारत की आकांक्षाओं, आधुनिक तकनीक, शिक्षा और वैज्ञानिक सोच को देश की प्रगति से जोड़ा था. उन्होंने एकता, शांति, और भाईचारे की जो विरासत छोड़ी है, उसे आगे बढ़ाना ही हमारा परम कर्तव्य है. कांग्रेस का इतिहास हमेशा से सेवा और समर्पण का रहा है, और पार्टी कार्यकर्ता हमेशा जनता के बीच रहकर उनके सुख-दुख में सहभागी बने रहेंगे. इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और सैकड़ों स्थानीय लोग उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: बगोदर के घाघरा साइंस कॉलेज में कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित, विजेता टीम सम्मानित