प्रेम कुमार सिंह/न्यूज 11 भारत
गुमला/डेस्क: आगामी मुहर्रम पर्व को लेकर मंगलवार को भरनो थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता बीडीओ अरुण कुमार सिंह,एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव एवं थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से की. बैठक में विभिन्न ताजिया कमेटियों के पदाधिकारियों,जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया. बैठक में मुहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया. इस दौरान मुहर्रम जुलूस के निर्धारित मार्ग, समय, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.
अधिकारियों ने कहा कि धार्मिक आयोजनों के दौरान सभी समुदायों के लोगों को आपसी समन्वय और सहयोग की भावना बनाए रखनी चाहिए,ताकि पर्व शांति और सद्भाव के साथ संपन्न हो सके. पदाधिकारियों ने उपस्थित लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी को बिना सत्यापन के आगे साझा नहीं करने की अपील की. विशेष रूप से सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक, भड़काऊ अथवा भ्रामक पोस्ट प्रसारित करने से बचने की सलाह दी गई. अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहें कई बार सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करती हैं,इसलिए सभी लोग जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं.
बैठक में मुहर्रम जुलूस के दौरान डीजे के उपयोग पर प्रतिबंध का भी उल्लेख किया गया. प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि सरकार एवं न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन सभी को करना होगा. साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि,असामाजिक तत्वों की हरकत अथवा कानून-व्यवस्था से जुड़ी जानकारी तत्काल पुलिस प्रशासन को देने की अपील की गई. एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने कहा कि मुहर्रम पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. जुलूस मार्गों पर पुलिस पदाधिकारी एवं जवान लगातार निगरानी करेंगे, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो.
थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने कहा कि सभी ताजिया कमेटियां निर्धारित समय और तय मार्ग का पालन करें. प्रशासन के निर्देशों का अनुपालन करते हुए पर्व मनाने से किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न नहीं होगी. उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है. बैठक में उपस्थित ताजिया कमेटियों के प्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया.
सभी ने एक स्वर में कहा कि भरनो क्षेत्र में वर्षों से आपसी भाईचारे और सौहार्द की परंपरा रही है, जिसे आगे भी कायम रखा जाएगा. लोगों ने मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से संपन्न कराने का संकल्प लिया. मौके पर एसआई मंटू चौधरी, अभिनंदन कुमार, सदर नबी फ़रास, सकीम अंसारी, सोबराती अंसारी, हाकिम खान,मीर दुबराज, इदरीश खान, मोकीम अंसारी, मंजूर आलम, मीर अनवर, हरिशंकर शाही, चंद्रमोहन महतो, अजित केशरी, मकसूद अंसारी सहित विभिन्न ताजिया कमेटियों के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे.