विश्वकर्मा भारती/न्यूज 11 भारत
बेरमो/डेस्क: सीसीएल मुख्यालय की नई बिल्डिंग के दूसरे तल पर निदेशक (मानव संसाधन) की अध्यक्षता में कल्याण बोर्ड की बैठक आयोजित की गई. बैठक में सीसीएल कथारा क्षेत्र के मजदूरों से जुड़ी करीब 39 समस्याओं को प्रमुखता से रखा गया. सीसीएल सीकेएस के वेलफेयर बोर्ड सदस्य रामेश्वर मंडल ने बताया कि कथारा क्षेत्रीय अस्पताल में डॉक्टरों की कमी के कारण अस्पताल की सेवा सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक ही संचालित हो रही है. उन्होंने अस्पताल में डॉक्टरों की कमी दूर कर 24 घंटे स्वास्थ्य सेवा बहाल करने की मांग की.
बैठक में मजदूरों की पेंशन, डीएवी स्कूल में 52 सीट वाली डबल डोर बस उपलब्ध कराने, आपात स्थिति में एयर एंबुलेंस की सुविधा देने, सिविल विभाग के ठेका कार्यों में कथित अनियमितता और सीसीएल कॉलोनियों में फैली गंदगी जैसी समस्याएं भी उठाई गईं. इसके अलावा मजदूरों के कल्याण से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई. बैठक में कल्याण बोर्ड के सदस्यों द्वारा रखी गई समस्याओं को डीपी हर्षनाथ मिश्रा ने गंभीरता से सुना और उनके समाधान का आश्वासन दिया. एनसीओईए के वेलफेयर बोर्ड सदस्य प्रदीप कुमार विश्वास ने भी कथारा क्षेत्र के मजदूरों की समस्याओं को मजबूती से उठाते हुए जल्द समाधान की मांग की. बैठक में प्रबंधन के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष भी मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें: गिरिडीह : फूल तोड़ने गए बच्चे की तालाब में डूबने से मौत