फिल्मी अंदाज में छिनतई

जसीडीह में फिल्मी अंदाज में 40.50 लाख की छिनतई, खुद को IT-GST अधिकारी बताकर कारोबारी को किया अगवा

स्कॉर्पियो सवार पांच अपराधियों ने पहले बाइक रोकी, फिर सुनसान इलाके में ले जाकर की मारपीट

By : Ark Sahuliyar
जसीडीह में फिल्मी अंदाज में 40.50 लाख की छिनतई, खुद को IT-GST अधिकारी बताकर कारोबारी को किया अगवा

न्यूज़11 भारत
देवघर/डेस्क:
जसीडीह थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह अपराधियों ने बेहद शातिर तरीके से 40.50 लाख रुपये की छिनतई की घटना को अंजाम दिया. स्कॉर्पियो सवार पांच अपराधियों ने बिहार के बांका जिले के चांदन स्थित श्याम राइस मिल के संचालक श्याम सर्राफ उर्फ विक्की को रास्ते में रोक लिया. इनमें से दो अपराधियों ने खुद को आयकर और जीएसटी विभाग का अधिकारी बताया और कारोबारी को जांच के नाम पर अपनी गाड़ी में बैठा लिया. इसके बाद अपराधी उसे टाभाघाट के पास एक सुनसान स्थान पर ले गए, जहां उसके साथ मारपीट कर रुपयों से भरा बैग छीन लिया. वारदात के बाद अपराधी उसे बिहार के जमुई जिले की ओर ले गए और चिहराढ़ाड़ी जंगल के पास वाहन से उतारकर फरार हो गए.

कोलकाता जाने के लिए निकले थे कारोबारी
जानकारी के मुताबिक, श्याम सर्राफ शनिवार सुबह करीब 9 बजे 40.50 लाख रुपये लेकर राइस मिल से निकले थे. उन्हें जसीडीह स्टेशन से वंदे भारत एक्सप्रेस पकड़कर कोलकाता जाना था. वह एक परिचित के साथ बाइक से जसीडीह रेलवे स्टेशन की ओर बढ़ रहे थे. करीब 10 बजे दर्दमारा बॉर्डर पार करने के कुछ ही देर बाद स्कॉर्पियो सवार अपराधियों ने उनकी बाइक रोक दी. वाहन में चालक समेत कुल पांच लोग मौजूद थे.

आयकर और जीएसटी अधिकारी बनकर रचा जाल
बाइक रुकवाने के बाद गिरोह के दो सदस्यों ने खुद को आयकर विभाग और जीएसटी विभाग का अधिकारी बताया. अधिकारियों के नाम पर कारोबारी को डराया गया और उसे स्कॉर्पियो में बैठा लिया गया. विक्की के साथ बाइक पर मौजूद व्यक्ति को वहीं से वापस भेज दिया गया. इसके बाद अपराधी कारोबारी को अपने साथ लेकर आगे बढ़ गए. टाभाघाट के आसपास सुनसान जगह पर पहुंचने के बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी.

बैग में रखे थे 40 लाख 50 हजार रुपये
मारपीट के बाद अपराधियों ने कारोबारी के पास मौजूद बैग अपने कब्जे में ले लिया. बैग में 40 लाख 50 हजार रुपये थे. रकम हासिल करने के बाद आरोपी स्कॉर्पियो से उसे लेकर जमुई की दिशा में निकल गए. कुछ दूरी तय करने के बाद चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र के चिहराढ़ाड़ी जंगल के पास अपराधियों ने कारोबारी को गाड़ी से नीचे उतार दिया और रुपये लेकर मौके से फरार हो गए.

112 पर कॉल कर पुलिस को दी सूचना
घटना के बाद पीड़ित ने किसी तरह 112 नंबर पर फोन कर बिहार पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने पर चंद्रमंडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और कारोबारी को अपने साथ थाने ले गई. प्रारंभिक पूछताछ और घटनास्थल की जानकारी जुटाने के बाद पुलिस को पता चला कि वारदात का मुख्य हिस्सा झारखंड के जसीडीह थाना क्षेत्र में हुआ है. इसके बाद बिहार पुलिस पीड़ित को लेकर जसीडीह थाना पहुंची.

पुलिस ने शुरू की छानबीन, FIR की प्रक्रिया जारी
घटना की जानकारी मिलते ही जसीडीह थाना की पुलिस टीम और झाझा एसडीपीओ राजेश कुमार मौके पर पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित से पूरी घटना की जानकारी ली. पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह राइस मिल से रकम लेकर कोलकाता जाने के लिए निकला था और जसीडीह स्टेशन से वंदे भारत एक्सप्रेस के जरिए हावड़ा पहुंचने की योजना थी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए घटनाक्रम से जुड़े सुराग जुटाए जा रहे हैं. जसीडीह थाने में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया भी चल रही है.