फ़लक शमीम/न्यूज11 भारत
हज़ारीबाग़/डेस्क: हजारीबाग मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दंदाहा नदी से सोमवार को तीन शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतकों में दो युवतियां और एक युवक शामिल हैं. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
हजारीबाग के दांदाहा जंगल में मिले तीन शवों का परिजनों ने पोस्टमार्टम करवाने से किया इनकार कर दिया है और झण्डा चौक को जाम कर दिया है. उनकी कहना था कि पहले आरोपियों के गिरफ्तारी हो उसके बाद ही पोस्टमार्टम किया जायेगा. लेकिन बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
मिली जानकारी के अनुसार, तीनों युवक-युवतियां 23 अप्रैल से लापता थे. तीनों आपस में मौसेरे भाई बहन लगते थे , परिजनों द्वारा उनकी गुमशुदगी को लेकर मुफस्सिल थाना में आवेदन भी दिया गया था. काफी तलाश के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया था, जिसके बाद आज अचानक दंदाहा नदी में तीनों के शव मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया.
परिजनों ने इस पूरे मामले में हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है. उनका कहना है कि यह मामला साधारण नहीं है और तीनों की मौत के पीछे साजिश हो सकती है.
इधर, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक तौर पर सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.घटना के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है. स्थानीय लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और जल्द से जल्द सच्चाई सामने लाने की मांग कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: गांडेय में जनगणना को लेकर 84 प्रगणक व 14 सुपरवाइजर को दी जा रही मकान सूचीकरण की ट्रेनिंग