मनोज सिंह/न्यूज11 भारत
सरायकेला/डेस्क: झारखंड के सरायकेला- खरसावां जिले की बेटी शांभवी तिवारी ने ICSE 2026 के बायो साइंस की परीक्षा में 99.99 प्रतिशत अंक हासिल कर देश की टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है. साधारण सी दिखने वाली शांभवी में असाधारण प्रतिभा साफ झलकती है. न तो उसे सोशल मीडिया का शौक है ना ही मोबाईल में चिपके रहना उसे पसंद है. पढ़ाई ही उसका जुनून है और इसी जुनून ने आज उसे देश का टॉपर बना दिया.
सेक्रेट हार्ट कान्वेंट जमशेदपुर की छात्रा शांभवी के पिता राजेश रमण आकाशवाणी जमशेदपुर में कार्यरत हैं. माता निभा सिन्हा सेंट मेरिस इंग्लिश हाई स्कूल बिष्टुपुर में फिजिक्स की शिक्षिका है. शांभवी बेहतर करेगी परिवार वालों को इसका भरोसा था मगर परिणाम उनकी उम्मीदों से कहीं अधिक आया जिससे पूरे परिवार में खुशी की माहौल दौड़ पड़ी है.
शांभवी डॉक्टर बनना चाहती है और उसी की तैयारी में दिन-रात जुटी है. शांभवी का सपना एक कुशल डॉक्टर बनने का है. शांभवी के इस उपलब्धि ने न केवल सरायकेला- खरसावां बल्कि पड़ोसी जिला जमशेदपुर और राज्य का नाम देश भर में रोशन किया है. उसकी इस उपलब्धि से पूरे राज्य में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है. शांभवी का परिवार आदित्यपुर नगर निगम वार्ड 17 में रहता है. उसने इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता- पिता और शिक्षकों को दिया है. शांभवी ने बताया कि शिक्षक जो भी टास्क दे उसे जरूर पूरा करना चाहिए. कभी निराश नहीं होना चाहिए तभी सफलता हासिल होगी.
यह भी पढ़ें: गढ़वा पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम के तहत छात्र-छात्राओं के बीच स्टेशनरी सामग्री व नाश्ता-पानी का किया वितरण