श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव

सरना एकेडमी कुसुमटोला में धूमधाम से मना श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव

राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा में बच्चों ने दी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, विद्यालय परिसर हुआ कृष्णमय

By : Ark Sahuliyar
सरना एकेडमी कुसुमटोला में धूमधाम से मना श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव

मुमताज अहमद/न्यूज़11 भारत 
खलारी/डेस्क:
सीसीएल पिपरवार क्षेत्र के सरना एकेडमी कुसुमटोला में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास, श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाया गया. इस अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं तथा भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनके आदर्शों से परिचित कराना रहा. कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया. इसके बाद विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा में अपनी प्रस्तुतियां दीं.  बच्चों की आकर्षक वेशभूषा, भक्ति गीत, नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया. 

विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप, उनकी बाल लीलाओं तथा जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को सुंदर एवं मनोरंजक ढंग से प्रस्तुत किया.  बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से धर्म की स्थापना, सत्य के मार्ग पर चलने, प्रेम, कर्म और कर्तव्य का संदेश दिया. कार्यक्रम के अवसर पर विद्यालय के निदेशक महेंद्र उरांव, प्रधानाचार्य गोपाल सिंह एवं उप प्रधानाचार्य ओम प्रकाश गुप्ता ने सभी विद्यार्थियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं. प्रधानाचार्य गोपाल सिंह ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन मानव समाज को सत्य, कर्म, प्रेम, त्याग एवं कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है. उन्होंने विद्यार्थियों से श्रीकृष्ण के आदर्शों और संदेशों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया. कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.