नीरज कुमार साहू/न्यूज़11 भारत
गुमला/डेस्क: संत आर्नोल्ड उच्च विद्यालय तुरबुंगा के प्रांगण में शुक्रवार को 14वीं शहीद थॉमस पत्रिक सोरेंग स्मृति अंतर विद्यालय फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ, जिसमें सिसई विधायक जिग्गा सुसारण होरो ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और फुटबॉल को किक मारकर प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया. इस अवसर पर विधायक जिग्गा सुसारण होरो ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे अनुशासन, आपसी भाईचारा, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी विकास होता है, साथ ही ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में खेल प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और ऐसे आयोजनों से उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिलता है, इसलिए खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपने विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करना चाहिए.
तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में गुमला और सिमडेगा जिले के कुल 19 विद्यालयों की टीमें हिस्सा ले रही हैं. प्रतियोगिता का पहला उद्घाटन मुकाबला मेजबान संत आर्नोल्ड उच्च विद्यालय तुरबुंगा और संत जॉन्स विद्यालय कलिगा के बीच खेला गया, जिसमें तुरबुंगा की टीम ने आक्रामक और शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कलिगा को 4-0 के बड़े अंतर से पराजित कर जीत दर्ज की. मैच के दौरान मैदान पर मौजूद दर्शकों ने खिलाड़ियों का जमकर उत्साहवर्धन किया. इस भव्य आयोजन के मौके पर प्रशासनिक अधिकारी एसडीपीओ शिवशंकर मरांडी, थाना प्रभारी कृष्ण कुमार, स्थानीय मुखिया फिलिसिता सुरीन, विद्यालय के प्रधानाध्यापक अन्सेलम केरकेट्टा, विद्यालय सचिव फादर क्रिस्टोफर केरकेट्टा समेत विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, विभिन्न स्कूलों से पहुंचे खिलाड़ी और बड़ी संख्या में स्थानीय खेलप्रेमी उपस्थित थे.