चिकनपॉक्स

कस्तूरबा विद्यालय में दो छात्राओं में चिकनपॉक्स के लक्षण, स्वास्थ्य विभाग ने की जांच

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, मसलिया में छात्राओं के स्वास्थ्य में गड़बड़ी की सूचना मिलने के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मसलिया की ओर से स्वास्थ्य जांच टीम विद्यालय भेजी गई.

By : Ark Sahuliyar
कस्तूरबा विद्यालय में दो छात्राओं में चिकनपॉक्स के लक्षण, स्वास्थ्य विभाग ने की जांच

केसरीनाथ यादव/न्यूज़11 भारत 
दुमका/डेस्क:
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, मसलिया में छात्राओं के स्वास्थ्य में गड़बड़ी की सूचना मिलने के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मसलिया की ओर से स्वास्थ्य जांच टीम विद्यालय भेजी गई. स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विद्यालय पहुंचकर छात्राओं के स्वास्थ्य की जांच की. टीम में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी सुष्मिता टुडू, एएनएम पकलु सोरेन एवं लैब टेक्नीशियन विशाल कुमार पाल शामिल थे. स्वास्थ्य जांच के दौरान दो छात्राओं में चिकनपॉक्स के लक्षण पाए गए. स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों छात्राओं का आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद रक्त के नमूने लिए. नमूनों को जांच के लिए लाया गया है. 

जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. बताया गया कि विद्यालय में स्वास्थ्य संबंधी परेशानी सामने आने के बाद तीन अन्य छात्राओं को एहतियात के तौर पर पहले ही विद्यालय से छुट्टी दे दी गई है. वहीं, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विद्यालय में मौजूद अन्य छात्राओं एवं बच्चों की भी स्वास्थ्य जांच की. इस दौरान बच्चों को आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं तथा स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की जानकारी दी गई. स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विद्यालय प्रबंधन को बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी छात्रा में बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र को सूचना देने की सलाह दी. टीम की ओर से साफ-सफाई एवं संक्रमण से बचाव को लेकर भी आवश्यक सावधानी बरतने को कहा गया.