प्रेम कुमार सिंह/न्यूज 11 भारत
भरनो/डेस्क: भरनो प्रखंड के नवनिर्मित स्टेडियम में शिक्षक दिवस के अवसर पर राईजिंग प्लेयर्स भरनो एवं उत्तरी भरनो पंचायत के तत्वावधान में तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया है.टूर्नामेंट का शुभारंभ गुरुवार को समारोहपूर्वक किया गया.प्रखंड स्तरीय नवनिर्मित स्टेडियम में पहली बार फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन होने से खिलाड़ियों एवं खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला.टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि मुखिया मंजू देवी तथा प्रखंड प्रमुख पारसनाथ उरांव उपस्थित रहे.वहीं संरक्षक कपिल गोप,शमशाद खान एवं प्रदीप शाही सहित अन्य अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उद्घाटन मैच का शुभारंभ किया.उद्घाटन के दौरान मैदान में मौजूद खिलाड़ियों एवं खेलप्रेमियों ने अतिथियों का स्वागत किया.टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच मासूम क्लब मसिया बनाम रॉयल निंघय असरा,सिसई के बीच खेला गया.दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए एक-दूसरे पर बढ़त बनाने का प्रयास किया.रोमांचक मुकाबले में रॉयल निंघय असरा,सिसई की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए मासूम क्लब मसिया को 2-1 गोल से पराजित कर जीत दर्ज की.इस अवसर पर मुख्य अतिथि मुखिया मंजू देवी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सभी खिलाड़ी खेल को खेल भावना के साथ खेलें.खेल में जीत-हार लगी रहती है,इसलिए खिलाड़ियों को हार से निराश होने के बजाय अपनी कमियों को दूर कर आगे बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करना चाहिए.उन्होंने कहा कि इस तरह के टूर्नामेंट के आयोजन से ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और उसे बेहतर मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है.उन्होंने खिलाड़ियों से नशापान से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि युवा अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाएं और पूरी मेहनत एवं लगन के साथ खेलें. खेल के क्षेत्र में भी बेहतर भविष्य बनाया जा सकता है.उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत है तो उन्हें उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराने की.आयोजकों के अनुसार इस तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं.प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे.टूर्नामेंट के विजेता टीम को 10 हजार रुपये नगद, एक खस्सी एवं शील्ड, जबकि उपविजेता टीम को 7 हजार रुपये नगद,एक खस्सी एवं शील्ड देकर पुरस्कृत किया जाएगा.आयोजन को सफल बनाने में संरक्षक कपिल गोप, गैब्रियल बाड़ा,अमन ओहदार उर्फ निक्कू,अभिषेक बाड़ा,अंकित सहित राईजिंग प्लेयर्स एवं उत्तरी भरनो पंचायत के अन्य सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं.टूर्नामेंट के शुभारंभ के मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण,युवा खिलाड़ी एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: रामगढ़ DC का निर्देश- खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने व आमजन के स्वास्थ्य के साथ किसी प्रकार का समझौता न हो