सागर कुमार/न्यूज11 भारत
भुरकुंडा/डेस्क: बरकाकाना स्थित मां छिन्नमस्तिका सीमेंट एंड इस्पात प्राइवेट लिमिटेड नामक स्पंज आयरन फैक्ट्री में शुक्रवार देर रात करीब 11 से 12 बजे के बीच जोरदार ब्लास्ट हो गया. फैक्ट्री के पावर प्लांट में हुए इस हादसे के बाद भीषण आग लग गई. घटना में तीन इंजीनियरों की झुलसने से मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद मृतकों के परिजन और स्थानीय लोग नौकरी व मुआवजे की मांग को लेकर फैक्ट्री के मुख्य गेट के बाहर धरने पर बैठ गए हैं. लोगों ने रांची-रामगढ़ फोरलेन को भी जाम कर दिया है.
ब्लास्ट के बाद मची अफरा-तफरी
बताया जा रहा है कि पावर प्लांट साइट पर उत्पादन का काम चल रहा था. इसी दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते आग फैल गई. ब्लास्ट की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के इलाके में भी इसकी गूंज सुनाई दी. अचानक आग लगने से रात्रि पाली में काम कर रहे मजदूरों के बीच अफरा-तफरी मच गई. अपनी जान बचाने के लिए मजदूर इधर-उधर भागने लगे. बताया जा रहा है कि धमाका इतना भीषण था कि कई कबूतरों की भी मौत हो गई.
तीन इंजीनियरों की गई जान
हादसे में गंभीर रूप से झुलसे तीन लोगों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान रांची निवासी और फैक्ट्री के शिफ्ट इंचार्ज संजीव कुमार केसरी (50 वर्ष), बोकारो के जरीडीह/जगेश्वर बिहार निवासी विनीत महतो (25 वर्ष) और गढ़वा निवासी अभिषेक पांडेय (24 वर्ष) के रूप में हुई है. वहीं, हजारीबाग निवासी मजदूर तरुण रजवार गंभीर रूप से घायल हुए हैं. उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रोड स्थित द हॉप हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है.
दमकल की कई गाड़ियों ने बुझाई आग
घटना की जानकारी मिलने के बाद फैक्ट्री प्रबंधन के अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे. आग पर काबू पाने के लिए रामगढ़ से चार से पांच दमकल वाहनों को बुलाया गया. काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया गया.
नौकरी और मुआवजे की मांग पर प्रदर्शन
हादसे की जानकारी मिलने के बाद शनिवार सुबह से ही मृतकों के परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण फैक्ट्री गेट के सामने जुटने लगे. परिजनों की मांग है कि मृतकों के आश्रितों को उचित मुआवजा दिया जाए और परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाए. प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि कंपनी प्रबंधन की ओर से अब तक वार्ता के लिए कोई जिम्मेदार अधिकारी सामने नहीं आया है. इससे परिजनों और स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है.
फैक्ट्री गेट पर डटे परिजन और ग्रामीण
नौकरी और मुआवजे की मांग को लेकर परिजन व ग्रामीण फैक्ट्री के गेट के बाहर बैठे हुए हैं. प्रदर्शनकारियों ने रास्ता भी जाम कर दिया है. मौके पर पुलिस मौजूद है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है.