मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत
खलारी/डेस्क: मैक्लुस्कीगंज. धुर्वा मोड़ स्थित रेलवे फाटक संख्या 8/A/T के समीप रविवार देर शाम एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से नावाडीह निवासी 48 वर्षीय जेठनी देवी की मौत हो गई. वह अपने पोते सोनू मुंडा के साथ घर लौट रही थीं. इसी दौरान UP 21 BN 3532 नंबर के ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी. गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
सूचना मिलते ही मैक्लुस्कीगंज थाना प्रभारी धनंजय बैठा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
इस हादसे के बाद धुर्वा मोड़ रेलवे फाटक की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है. स्थानीय लोगों ने रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के शीघ्र निर्माण, भारी वाहनों की रफ्तार पर सख्त नियंत्रण तथा प्रभावी यातायात व्यवस्था लागू करने की मांग तेज कर दी है.
यह भी पढ़ें: प्रखंड के बनाई कोहड़ा टोली पेरिस में संत इग्नेशियूस लोयोला का पर्व बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया