अमर पाठक/न्यूज11 भारत
जसीडीह/डेस्क: जसीडीह थाना क्षेत्र के मानिकपुर समीप एक ढाबे पर ट्रक चालक और उपचालक को नशीला पदार्थ खिलाकर ट्रक गायब करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. जानकारी के अनुसार, बिहार के रोहतास जिला अंतर्गत चेनारी थाना क्षेत्र के खुर्माबाद निवासी चालक अनवर अंसारी और कैमूर जिला के दुर्गावती थाना क्षेत्र के कसथरी निवासी उपचालक दानिश अंसारी को अज्ञात अपराधियों ने नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया. दोनों को गंभीर हालत में जसीडीह पुलिस की मदद से सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ट्रक कानपुर से सामान लेकर हाजीपुर पहुंचा था और वहां से देवघर लाने के लिए दुर्गावती निवासी मालिक त्रिपुरारी यादव की सहमति पर एक व्यक्ति ने ट्रक बुक किया था. मंगलवार की शाम करीब छह बजे ट्रक जसीडीह के मानिकपुर ढाबे पर रुका और चालक ने मालिक को फोन कर जानकारी दी कि नो-इंट्री हटने के बाद रात में देवघर से सामान लोड कर कानपुर रवाना होगा.
लेकिन एक घंटे बाद जब मालिक ने चालक को फोन किया तो उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिला. चिंता होने पर मालिक ने परिजनों को सूचना दी. जब परिजन मौके पर पहुंचे तो ट्रक गायब था और चालक-उपचालक बेहोशी की हालत में मिले.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना के बाद देवघर से माल लाने की बुकिंग कराने वाला व्यक्ति मोबाइल बंद कर फरार हो गया है. वहीं ढाबा मालिक से पूछताछ में उसने दावा किया है कि ट्रक ढाबे पर आया ही नहीं.
फिलहाल जसीडीह पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है. हालांकि चालक और उपचालक की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसके कारण अब तक घटना की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ सकी है.
यह भी पढ़ें: धनबाद: त्योहारों में 700 करोड़ से ज्यादा का कारोबार होने का अनुमान