रथयात्रा

भरनो प्रखंड के चंदागढ़ में भगवान जगन्नाथ महाप्रभु की घुरती रथ यात्रा संपन्न, श्रद्धालुओं ने लिया आशीर्वाद

इस धार्मिक आयोजन में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए

By : Pramod Kumar
भरनो प्रखंड के चंदागढ़ में भगवान जगन्नाथ महाप्रभु की घुरती रथ यात्रा संपन्न, श्रद्धालुओं ने लिया आशीर्वाद

प्रेम कुमार सिंह/न्यूज 11 भारत

भरनो/डेस्क: भरनो प्रखंड अंतर्गत समसेरा,करंजटोली (चंदागढ़) स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में शुक्रवार को भगवान जगन्नाथ महाप्रभु की पारंपरिक घूरती रथ यात्रा श्रद्धा,आस्था और उल्लास के साथ संपन्न हुई. नौ दिनों तक मौसी बाड़ी (गुंडिचा मंदिर) में विराजमान रहने के बाद भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन माता सुभद्रा भव्य रथ पर सवार होकर पुनः अपने मूल मंदिर लौटे. इस धार्मिक आयोजन में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और भगवान के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की.सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी थी.वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भगवान की विशेष पूजा-अर्चना की गई. इसके बाद सजे-धजे भव्य रथ पर भगवान जगन्नाथ,बलभद्र और माता सुभद्रा की प्रतिमाओं को विराजमान किया गया.

जैसे ही रथ यात्रा प्रारंभ हुई,श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ रथ की रस्सी थामी और जय जगन्नाथ के उद्घोष के बीच रथ को खींचते हुए मंदिर तक पहुंचाया.पूरे मार्ग में हरिनाम संकीर्तन,भजन-कीर्तन और ढोल-नगाड़ों की मधुर ध्वनि से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा. महिलाओं,पुरुषों,युवाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया.श्रद्धालुओं का मानना है कि भगवान जगन्नाथ के रथ को खींचने से जीवन में सुख,शांति और पुण्य की प्राप्ति होती है.यही कारण है कि रथ की रस्सी पकड़ने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला.मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि गांव में वर्षों से भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा की परंपरा चली आ रही है.

हर वर्ष आषाढ़ मास में भगवान की रथ यात्रा और घूरती रथ यात्रा का आयोजन पूरे धार्मिक रीति-रिवाज और सामाजिक सहभागिता के साथ किया जाता है.यह आयोजन गांव की सांस्कृतिक एवं धार्मिक एकता का प्रतीक बन चुका है.रथ यात्रा के अवसर पर मंदिर परिसर के आसपास भव्य मेले का भी आयोजन किया गया.मेले में खिलौने,घरेलू सामान,श्रृंगार सामग्री,मिठाइयों और विभिन्न प्रकार की दुकानों ने लोगों को आकर्षित किया.बच्चों ने झूलों और खेल-तमाशों का आनंद लिया,जबकि ग्रामीणों ने मेले में खरीदारी कर उत्सव का भरपूर आनंद उठाया.मेला के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भरनो थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ पूरे समय मुस्तैद रहे.प्रशासन की सतर्कता से रथ यात्रा और मेले का आयोजन शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.इस अवसर पर रथ पूजा समिति के जगरनाथ उरांव,भद्दू भगत,एतवा भगत,जुब्बी भगत,गोयो भगत,चोटया भगत,रोपना भगत,दरया भगत,बंधु भगत,मुखिया मंजू देवी,कपिल गोप,विनय साहू, हरि शंकर शाही,ललित ओहदार,पीके सिंह,विक्रम सिंह,अजित सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य ग्रामीण उपस्थित रहे.आयोजन के सफल संचालन में समिति के सदस्यों और ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.

यह भी पढ़ें: बरवाडीह में छह ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो गिरफ्तार, बाइक व मोबाइल जब्त

संबंधित सामग्री

ऑपरेशन “सतर्क” के तहत आरपीएफ की कार्रवाई, 6.840 लीटर अवैध शराब बरामद

ऑपरेशन “सतर्क” के तहत आरपीएफ की कार्रवाई, 6.840 लीटर अवैध शराब बरामद

15027 संबलपुर–गोरखपुर मौर्य एक्सप्रेस से एक व्यक्ति अवैध शराब के साथ पकड़ा गया

बगदाहा स्टेडियम में सजा करम का अखाड़ा, 200 महिलाओं व युवतियों ने गीत-नृत्य से बांधा समां

बगदाहा स्टेडियम में सजा करम का अखाड़ा, 200 महिलाओं व युवतियों ने गीत-नृत्य से बांधा समां

हलधर महतो ने सुदेश महतो को अंगवस्त्र भेंट कर और अखाड़ा दल के सदस्यों ने अन्य अतिथियों का बुके व अंगवस्त्र देकर स्वागत किया

जापान में चल रहे एशियन गेम्स पर 198 किमी रफ्तार वाले भीषण तूफान डुजुआन का साया, रेड अलर्ट जारी

जापान में चल रहे एशियन गेम्स पर 198 किमी रफ्तार वाले भीषण तूफान डुजुआन का साया, रेड अलर्ट जारी

तूफान, भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन की चेतावनी जारी, डालेगा एशियन गेम्स पर असर, इक्वेस्ट्रियन प्रतियोगिता रोकी गई