भरत मंडल/न्यूज 11 भारत
गांडेय/डेस्क: गांडेय प्रखंड के दासडीह पंचायत अंतर्गत देवनडीह गांव में गुरुवार को सहिया चयन को लेकर आयोजित ग्रामसभा में ग्रामीणों के बीच मतभेद के बाद जमकर हंगामा हुआ. विभागीय निर्देश के तहत मुखिया की अध्यक्षता में निर्धारित अर्हता के आधार पर सहिया का चयन किया जाना था, लेकिन ग्रामीणों की आपत्ति के कारण चयन प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी.
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गुरुवार सुबह 11 बजे ग्रामसभा शुरू हुई. इस दौरान विभाग की ओर से सीएचसी गांडेय के बीपीएम मोहन प्रसाद भी मौजूद थे. ग्रामसभा में कुछ ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सहिया चयन को लेकर उन्हें पूर्व में पर्याप्त जानकारी नहीं दी गई थी. इसको लेकर ग्रामीणों ने आपत्ति जताते हुए चयन प्रक्रिया रद्द करने की मांग शुरू कर दी. देखते ही देखते मामला गरमा गया और ग्रामसभा में हंगामा होने लगा.
स्थिति बिगड़ती देख सहिया चयन की प्रक्रिया को तत्काल स्थगित कर दिया गया. बीपीएम मोहन प्रसाद ने बताया कि ग्रामीणों के बीच आपसी समन्वय नहीं बन पाने के कारण गुरुवार को सहिया चयन की प्रक्रिया स्थगित करनी पड़ी.
मौके पर मुखिया प्रतिनिधि जीतेन्द्र मंडल, ग्रामीण आशीष राय समेत काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: मुख्य महाप्रबंधक सह परियोजना प्रधान सुशील कुमार अरजरीया के साथ हुई डीवीसी कामगार संघ के प्रतिनिधियों की बैठक