न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
अविनाश श्रीवास्तव / रोहतास : रोहतास जिले में शुक्रवार को एक किशोर की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के मुक्ति गंज मोहल्ले में बीते गुरुवार रात की है, जहां कुछ अज्ञात लोगों ने एक किशोर की हत्या कर शव को उसके घर में फेंक दिया और फरार हो गये। मृतक की पहचान मुक्तिगंज मोहल्ला निवासी नंदू यादव के पुत्र डब्लू कुमार (18) के रूप में हुई है।
चार-पांच दिनों से गायब था किशोर
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक अपने पिता के साथ मजदूरी का काम करता था, लेकिन बीते चार-पांच दिनों से वह घर से गायब था, जिसको लेकर परिवार को उसकी काफी चिंता हो रही थी। इसी बीच बीती रात घर के आंगन में जब परिजनों ने उसका शव देखा, तो सभी के होश उड़ गए।
गले में मिला फांसी का फंदा
परिजनों के अनुसार किशोर के गले में एक रस्सी का फंदा बंधा हुआ था और शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे। हालांकि परिजनों ने किसी के साथ पुरानी दुश्मनी एवं विवाद से पूरी तरह इनकार किया है। उनका कहना है कि डब्लू मिलनसार था और मजदूरी कर परिवार को आर्थिक रूप से मदद करता था।
3 वर्ष पहले भाई की मौत, मां ने छोड़ा साथ
मिली जानकारी के अनुसार बीते कुछ वर्षों में परिवार ने एक के बाद एक कई दुखों का सामना किया। एक तरफ जहां छः वर्ष पहले मां परिवार को छोड़कर भाग गई, वहीं तीन वर्ष पहले एक छोटे भाई की सांप के काटने से मौत हो गई। घर में एक जवान बहन भी है, जिसकी शादी के लिए बाप बेटे मिलकर कड़ी मेहनत करते थे।
जांच में जुटी पुलिस
वहीं घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची बिक्रमगंज प्रभारी थानाध्यक्ष बिट्टू कुमार ने बताया कि प्राथमिक की दर्ज कर अनुसंधान जारी किया जाएगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया है। पुलिस के अनुसार घटनास्थल से एफएसएल टीम द्वारा कई सबूत जुटाए गए हैं तथा अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर घटना की बारीकी से जांच चल रही है।