न्यूज 11 भारत/पटना डेस्क: नवादा जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र के चंद्रवंशी मोहल्ला में युवक प्रणय कुमार उर्फ पीयूष कुमार की गोली मारकर हत्या के विरोध में बुधवार को लगातार दूसरे दिन भी हिसुआ बाजार पूरी तरह बंद रहा। स्थानीय दुकानदारों और लोगों ने हत्या के आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अपनी-अपनी दुकानें बंद रखीं। बाजार की लगभग सभी दुकानें बंद रहने से सड़कों पर भी सामान्य दिनों की अपेक्षा सन्नाटा देखने को मिला।
मंगलवार को हुई गोलीबारी की घटना में प्रणय कुमार उर्फ पीयूष कुमार की मौत हो गई थी। घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों की मुख्य मांग है कि हत्याकांड में शामिल सभी आरोपितों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।
इधर, नवादा पुलिस ने घटना में जख्मी हुए दो युवकों को पुलिस अभिरक्षा में रखा है। पुलिस अभिरक्षा में ही दोनों का इलाज कराया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि मामले में अब तक दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। घटना की जांच जारी है और अनुसंधान के दौरान जिन-जिन लोगों के नाम सामने आएंगे, उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।