न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: बिहार में अप्रैल के मध्य में ही सूरज ने अपना तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। पिछले तीन दिनों से राज्य के अधिकांश हिस्सों में भीषण तपिश और शुष्क हवाओं के कारण आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। पटना समेत कई जिलों में दोपहर के समय लू जैसे हालात बन रहे हैं। जिससे लोग घरों में कैद होने को मजबूर हो रहे हैं। मंगलवार को पूरे प्रदेश का मौसम शुष्क रहा, जिस कारण तापमान में रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
17 अप्रैल को बारिश
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि अगले 3-4 दिनों के भीतर राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की और वृद्धि हो सकती है। फिलहाल 16 अप्रैल तक बारिश की कोई संभावना नहीं है, जिससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है। हालांकि, 17 अप्रैल को सीमांचल के जिलों जैसे अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में कहीं-कहीं मामूली वर्षा होने के आसार हैं।
18 अप्रैल को लू का अलर्ट
विशेषज्ञों के अनुसार, 18 अप्रैल से गर्मी और अधिक जानलेवा रूप ले सकती है। खासकर दक्षिण और मध्य बिहार के बक्सर, कैमूर, रोहतास, भोजपुर, औरंगाबाद, गया और पटना जैसे जिलों में लू का गंभीर प्रभाव देखने को मिल सकता है। इन इलाकों के लिए विभाग ने ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। आशंका जताई जा रही है कि इन जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के स्तर को पार कर जाएगा, जिससे हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है।