विष्णु गुप्ता/न्यूज11 भारत
सुपौल/डेस्क: सुपौल जिले के मरौना अंचल अंतर्गत सिसौनी पंचायत में शुक्रवार की शाम अचानक लगी आग में पाँच परिवारों का आशियाना जलकर राख हो गया. जानकारी के अनुसार, घटना की शुरुआत सिसौनी पंचायत के वार्ड नंबर 8 निवासी राम कुमार मंडल के घर से हुई, जहाँ कथित तौर पर बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के अन्य घरों तक फैल गई.
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही समय में राम देव मंडल, राम चंद्र मंडल, राजदेव मंडल और राम कुमार मंडल समेत कुल पाँच परिवारों के घर इसकी चपेट में आ गए. इस हादसे में घरों में रखा अनाज, कपड़ा, फर्नीचर, बिस्तर और अन्य आवश्यक घरेलू सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया. अनुमान लगाया जा रहा है कि आग से लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है.
घटना के दौरान ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बाल्टी, पाइप और मिट्टी की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद वे आग पर काबू पाने में सफल रहे. ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रयास नहीं किया जाता, तो नुकसान और भी अधिक हो सकता था.
इधर, आग की सूचना मिलते ही सिसौनी पंचायत के सरपंच बैद्यनाथ मंडल मौके पर पहुंचे. उन्होंने पीड़ित परिवारों से मिलकर सांत्वना दी और आश्वासन दिया कि उनके पुनर्वास के लिए प्रशासन से त्वरित सहायता उपलब्ध कराने की मांग की गई है. सरपंच ने अधिकारियों को घटना की जानकारी देते हुए तुरंत राहत सामग्री और मुआवजा उपलब्ध कराने की अपील की.
वहीं, मरौना के अंचलाधिकारी अभिजीत कुमार ने बताया कि पांच घर जलने की सूचना पर राजस्व कर्मचारी को घटनास्थल पर भेजा गया है. मामले की जांच रिपोर्ट के आधार पर अग्निपीड़ित परिवारों को सरकारी स्तर से शीघ्र ही राहत सामग्री और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.
यह भी पढ़ें: चिरुडीह में अगलगी से हजारों की संपत्ति राख, ट्रांसफार्मर से उठी चिंगारी से भड़का शोला