न्यूज11 भारत/बिहार डेस्क
साकेत कुमार/पटना: पटना में नल जल अनुरक्षकों (पंप ऑपरेटर और रखरखाव कर्मियों) ने प्रदर्शन किया। बिहार के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में अनुरक्षक गांधी मैदान पहुंचे। करीब 5000 प्रदर्शनकारियों के पहुंचने का दावा किया गया है।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष गणेश चौधरी पिछले 51 दिनों से गर्दनीबाग धरना स्थल पर आंदोलन कर रहे थे। गणेश चौधरी ने 51 दिनों से भूख हड़ताल पर रहने का दावा किया है। उनका कहना है कि 6 प्रमुख मांगों को लेकर लगातार आंदोलन किया जा रहा है, लेकिन अब तक मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
सुरक्षा के लिहाज से जेपी गोलंबर, डाकबंगला चौराहा, इनकम टैक्स चौराहे पर रोकने की तैयारी की गई थी। भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। लगभग सभी शहरी थाने के थानेदार, SDPO रैंक के पदाधिकारी तैनात रहे।
संगठन की छह मुख्य मांगों को लेकर बिहार के सभी जिलों से अनुरक्षक पटना पहुंचे। प्रदर्शनकारियों के जुटने से गांधी मैदान के आसपास सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर भी असर पड़ा। अनुरक्षकों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर सरकार सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तब तक आंदोलन जारी रहेगा।