न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
इन्द्रदेव/सहरसा: बिहार के सहरसा में सदर थाना क्षेत्र के कपड़ापट्टी स्थित एक मेडिकल स्टोर में देर रात चोरों ने शटर तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान से करीब 50 हजार रुपये नकद, दवाइयां, मोबाइल, टैब और लैपटॉप समेत लगभग एक से डेढ़ लाख रुपये मूल्य का सामान लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें नकाबपोश चोर दुकान में घुसते हुए दिखाई दे रहे हैं।
मेडिकल स्टोर संचालक विशाल कुमार ने बताया कि यह एजेंसी उनके भाई अतुल केशरी की है। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, देर रात करीब 2:30 बजे चोर पीछे के रास्ते से दुकान का शटर तोड़कर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद दुकान में रेकी करते हुए गल्ले में रखे करीब 50 हजार रुपये नकद समेत दवाइयां, मोबाइल, टैब और लैपटॉप लेकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद सदर थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
मेडिकल स्टोर संचालक विशाल कुमार ने बताया कि इससे पहले भी दुकान में चोरी की घटना हो चुकी है, लेकिन अब तक उस मामले का खुलासा नहीं हो सका है। इसी बीच दोबारा चोरी की घटना होने से दुकानदारों में चिंता बढ़ गई है।
फिलहाल चोरी हुए दवाइयों और अन्य सामान का आकलन किया जा रहा है। संचालक के मुताबिक, कुल नुकसान करीब एक से डेढ़ लाख रुपये होने का अनुमान है।