न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: फिल्म और थिएटर जगत से एक दुखद खबर सामने आई हैं. मशहूर अभिनेता विजय कृष्णा, जिन्हें देवदास में शाहरुख खान के ऑनस्क्रीन पिता की भूमिका के लिए याद किया जाता है, उनका 81 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. उनके निधन से बॉलीवुड और थिएटर जगत में शोक की लहर दौड़ गई हैं.
विजय कृष्णा के निधन की खबर सामने आते ही फिल्म और थिएटर से जुड़े कई कलाकारों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी. अभिनेता अनुपम खेर ने इस खबर को दुखद बताते हुए “ओम शांति” लिखकर शोक व्यक्त किया. वहीं अभिनेत्री लिलेट दुबे ने इंस्टाग्राम पर उनके साथ तस्वीर साझा करते हुए भावुक संदेश लिखा. उन्होंने बताया कि विजय कृष्णा पिछले 25 वर्षों से उनके थिएटर परिवार का अहम हिस्सा थे और अपनी शानदार अभिनय क्षमता व खास हास्य शैली के लिए जाने जाते थे.
थिएटर से फिल्मों तक मजबूत पहचान
विजय कृष्णा सिर्फ फिल्म अभिनेता ही नहीं, बल्कि भारतीय थिएटर जगत का भी एक जाना-पहचाना नाम थे. उन्होंने 25 साल से अधिक समय तक मंच पर अभिनय किया और कई चर्चित प्रस्तुतियों का हिस्सा रहे. अंग्रेजी फिल्म Dance Like a Man में उनके अभिनय को काफी सराहा गया था. महेश दत्तानी के नाटक पर आधारित इस फिल्म को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिला था. इस फिल्म में शोभना, आरिफ ज़कारिया और अनुष्का शंकर जैसे कलाकार भी नजर आए थे.
‘देवदास’ से मिली खास पहचान
हालांकि बॉलीवुड दर्शकों के बीच विजय कृष्णा को सबसे ज्यादा पहचान फिल्म देवदास में मिली, जिसमें उन्होंने शाहरुख खान के पिता का किरदार निभाया था. इस फिल्म में ऐश्वर्या राय बच्चन और माधुरी दीक्षित जैसे बड़े सितारों के साथ उनकी मौजूदगी को दर्शकों ने खूब पसंद किया था. अभिनय के अलावा विजय कृष्णा एक पर्यावरण प्रेमी भी थे और गोदरेज परिवार से जुड़े व्यवसाय में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के पद पर भी रह चुके थे. उनकी पत्नी स्मिता कृष्णा एक जानी-मानी ट्रेडर है और 2024 के अंत में उन्हें उद्योगपति जमशेद गोदरेज के साथ फोर्ब्स की भारत के सबसे अमीर लोगों की सूची में 22वां स्थान मिला था. फिलहाल परिवार की ओर से अभिनेता के निधन को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया हैं. लेकिन फिल्म और थिएटर जगत के कलाकार लगातार उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि दे रहे हैं.