न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: रंग, मस्ती, ठंडाई और पकवानों से भरी होली भले ही खत्म हो गई हो, लेकिन उसका असर अब शरीर पर साफ दिखाई दे रहा हैं. होली के अगले दिन कई लोग सिर भारी होना, आंखों में जलन, स्किन पर चिपके रंग और पेट की गड़बड़ी जैसी समस्याओं से जूझते नजर आते हैं. हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि त्योहार के बाद शरीर को ‘रीसेट’ करना बेहद जरूरी है, ताकि थकान जल्दी दूर हो और शरीर फिर से सामान्य रूटीन में लौट सके.
शरीर को करें डिटॉक्स, पानी से बढ़ाएं एनर्जी
होली पर ज्यादा मिठाई, नमकीन और ठंडाई के सेवन से शरीर में शुगर और सोडियम का स्तर बढ़ जाता हैं. ऐसे में सामान्य पानी के बजाय नींबू पानी या नारियल पानी पीना ज्यादा फायदेमंद माना जाता हैं. यह शरीर के इलेक्ट्रोलाइट्स को संतुलित करता है और सुस्ती व थकान को कम करने में मदद करता हैं.
जिद्दी रंग हटाने के लिए अपनाएं घरेलू उपाय
कई बार साबुन और फेसवॉश से भी रंग आसानी से नहीं उतरता. एक्सपर्ट्स के अनुसार सरसों या नारियल तेल को रूई की मदद से त्वचा पर हल्के हाथों से लगाने से रंग धीरे-धीरे निकलने लगता हैं. इसके अलावा बेसन, दही और हल्दी का पेस्ट लगाना भी कारगर उपाय हैं. इससे न सिर्फ रंग हटता है बल्कि धूप से हुई टैनिंग और स्किन ड्रायनेस भी कम होती हैं.
आंखों की जलन से ऐसे पाएं राहत
रंगों और गुलाल के कारण आंखों में जलन या सूजन आम समस्या हैं. इससे राहत पाने के लिए ठंडे पानी से आंखों को धोना और गुलाब जल में भीगी कॉटन को 10 मिनट तक आंखों पर रखना फायदेमंद माना जाता हैं.
अगले दिन का खाना रखें हल्का और संतुलित
त्योहार के बाद पेट और लीवर को आराम देना जरूरी होता हैं. सुबह के नाश्ते में दही-चूड़ा या ओट्स जैसे हल्के विकल्प बेहतर माने जाते हैं. दोपहर में हल्की सब्जियां जैसे लौकी और पतली रोटी खाने की सलाह दी जाती हैं. दही का सेवन पेट की गर्मी कम करने और पाचन सुधारने में मदद करता हैं.
अच्छी नींद ही सबसे बड़ी रिकवरी
होली की भागदौड़ और देर रात तक चलने वाले जश्न के बाद शरीर और दिमाग दोनों थक जाते हैं. ऐसे में एक छोटी पावर नैप या भरपूर नींद शरीर की मांसपेशियों को रिकवर करने और मानसिक थकान दूर करने में बेहद मददगार साबित होती हैं.
कुल मिलाकर, होली के बाद शरीर को थोड़ा आराम, सही खानपान और हल्की देखभाल देकर आप जल्दी ही खुद को फिर से फ्रेश और एनर्जेटिक महसूस कर सकते हैं. त्योहार की मस्ती के बाद हेल्थ का ध्यान रखना ही असली सेल्फ-केयर हैं.
यह भी पढ़े: धनबाद के बरमसिया में फायरिंग से सनसनी, दो युवकों को लगी गोली, SNMMCH में भर्ती