न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: कॉमेडियन कपिल शर्मा के “कैप्स कैफे” पर एक बार फिर गोलीबारी हुई है. यह तीसरी बार है जब उनके कनाडा स्थित कैफे को निशाना बनाया गया है. लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों और कुलवीर सिद्धू (नेपाली) ने गोलीबारी के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर हमले की जिम्मेदारी ली है. बता दें, इससे पहले भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ही कपिल के कैफे पर दो बार फायरिंग करवाई थी.
बिश्नोई गैंग ने इन्हें भी दी धमकी
फायरिंग के बाद लारेंस गैंग ने लिखा, “वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह. आज जो कैप्स कैफे में तीन बार फायरिंग हुई है, उसकी जिम्मेदारी मैं, कुलवीर सिद्धू और गोल्डी ढिल्लों लेते हैं. हमारी आम जनता से कोई दुश्मनी नहीं है. जिनसे हमारा झगड़ा है, वो हमसे दूर रहें. जो लोग अवैध काम करते हैं, लोगों से काम करवा कर पैसे नहीं देते हैं, वो भी तैयार रहें. जो भी बॉलीवुड में धर्म के खिलाफ बोलते हैं, वो भी तैयार रहें. गोली कहीं से भी आ सकती है. वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह.”
तीन राउंड फायरिंग
कैफे पर कम से कम तीन राउंड गोलियां चलाई गई हैं. हालांकि, अच्छी बात ये है कि किसी के भी घायल होने की खबर सामने नहीं आई है. घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें गोली चलने के कुछ पल बाद का दृश्य दिखाया गया है.
यह भी पढ़े: ट्रेनों में गंदे कंबल से आजादी! अब हर यात्री को मिलेगा साफ कवर, रेलवे की नई शुरुआत