न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड में ठंड का मौसम धीर-धीरे विदा ले रहा है और अब गर्मी की तेज लहरें राज्य की ओर बढ़ती नजर आ रही हैं. शुक्रवार को रांची का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक था. इस साल जनवरी और फरवरी का सबसे गर्म दिन शुक्रवार ही था और यह संकेत दे रहा है कि आने वाले दिनों में भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता हैं. राज्य के कई हिस्सों में पारा चढ़ रहा है, जिनमें सरायकेला में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. मौसम विभाग ने आगामी दिनों में झारखंड में भीषण गर्मी पड़ने की आशंका जताई हैं.
बारिश होने की संभावना लेकिन कहां?
शनिवार को उत्तर-पूर्वी और निकटवर्ती उत्तर भागों में बारिश के आसार हैं. इसके अलावा रांची, पलामू, गढ़वा, हजारीबाग, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज जैसे जिलों में बादल छाए रहने की संभावना हैं. हालांकि इन क्षेत्रों में हल्की-फुल्की बारिश हो सकती हैं. बाकी हिस्सों में बादल तो होंगे लेकिन ज्यादा बारिश की संभावना नहीं हैं.
गर्मी का असर, 3-4 डिग्री सेल्सियस तक तापमान में बढ़ोतरी
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों के दौरान राज्यभर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती हैं. राजस्थान में बन रहे लो प्रेशर के कारण झारखंड में ठंडी हवाओं का असर महसूस हो सकता हैं. पश्चिमी विक्षोम का असर उत्तराखंड और जम्मू में ज्यादा पड़ा है और जहां लगातार बारिश और बर्फबारी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया हैं. झारखंड में भी तीन दिन बाद सुबह और शाम के समय ठंडी हवाओं का असर हो सकता हैं.