संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11 भारत
पलामू /डेस्क: कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से पलामू पुलिस द्वारा चैनपुर थाने में एक विशेष अभियान चलाया गया. इसके तहत जेल से बाहर आए कुल 117 दागियों को थाने बुलाकर उनकी परेड कराई गई. थाना हाजिर हुए इन लोगों में आर्म्स एक्ट के 33, हत्या के 26, चोरी के 15, लूट के 15 और विभिन्न अन्य मामलों में नामजद 28 लोग शामिल रहे.
मौके पर मौजूद पलामू एसपी कपिल चौधरी ने सभी दागियों से आमने-सामने बातचीत की और उनके मौजूदा कामकाज व दिनचर्या का ब्योरा लिया. उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा कि जुर्म का रास्ता तबाही की तरफ ले जाता है, जिससे न केवल खुद का जीवन बर्बाद होता है बल्कि पूरा परिवार भुगतता है. इसलिए पुरानी गलतियों से सबक लेते हुए सही राह पर लौटें और एक जिम्मेदार नागरिक की तरह समाज में रहें.
एसपी ने साफ हिदायत दी कि शांतिपूर्वक जीवन जीने वालों को प्रशासन का पूरा सहयोग मिलेगा, लेकिन यदि किसी ने भी दोबारा जरायम की दुनिया में कदम रखा तो पुलिस उसके खिलाफ कठोरतम कानूनी कदम उठाएगी. पुलिस के मुताबिक इस कवायद का मकसद जेल से छूटे लोगों की गतिविधियों पर नजर रखना और उन्हें अपराध का दलदल छोड़कर मुख्यधारा में वापस लाना है.
परेड के दौरान एसडीपीओ राजेश कुमार यादव, थाना प्रमुख लालजी, स्थानीय पुलिस अफसर, बल के जवान और चौकीदार मुख्य रूप से मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद पलामू की जिला बैठक में सैन्य कल्याण संबंधी दी गईं जानकारियां