न्यूज़11 भारत
देवघर/डेस्क: देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र में कल शनिवार की सुबह अपराधियों ने खुद को आयकर व GST अधिकारी बताकर 40.50 लाख रुपये की छिनतई कर ली. अपराधियों ने बिहार के बांका जिले के चांदन स्थित श्याम राइस मिल के मालिक श्याम सर्राफ उर्फ विक्की को पहले अपनी गाड़ी में बैठाया और फिर सुनसान जगह में मारपीट कर रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए. स्कॉरपियो में चालक समेत पांच अपराधी सवार थे.
जसीडीह स्टेशन जा रहे थे विक्की
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, विक्की कल शनिवार की सुबह करीब 9 बजे राइस मिल से 40.50 लाख रुपये लेकर कोलकाता जाने के लिए निकले थे. उन्हें जसीडीह स्टेशन से वंदे भारत एक्सप्रेस पकड़नी थी. इसके लिए वह अपने एक परिचित के साथ बाइक से जसीडीह स्टेशन जा रहे थे. इसी बीच सुबह करीब 10 बजे दर्दमारा बॉर्डर के आगे पहुंचते ही स्कॉरपियो सवार अपराधियों ने उनकी बाइक रोक दी. दो अपराधियों ने खुद को आयकर व GST अधिकारी बताया और विक्की को अपनी गाड़ी में बैठा लिया और बाइक पर आ रहे परिचित को वहीं से वापस भेज दिया गया. इसके बाद टाभाघाट के पास सुनसान जगह पर विक्की के साथ मारपीट कर अपराधियों ने रुपयों से भरा बैग छीन लिया. रुपये लूटने के बाद अपराधी उसे लेकर जमुई जिले की ओर बढ़ने लगे. कुछ दूर आगे चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र के चिहराढ़ाड़ी जंगल के पास अपराधियों ने विक्की को स्कॉरपियो से उतार दिया. इसके बाद सभी अपराधी रुपये लेकर फरार हो गये.
जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद विक्की ने 112 नंबर डायल कर बिहार पुलिस को पूरे घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही चंद्रमंडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और विक्की को पूछताछ के लिए थाने ले गयी. पूछताछ और जांच के बाद घटनास्थल जसीडीह थाना क्षेत्र में होने की जानकारी मिली. इसके बाद बिहार पुलिस विक्की को लेकर जसीडीह थाना पहुंची. घटना की सूचना मिलने के बाद जसीडीह थाना की पुलिस और झाझा एसडीपीओ राजेश कुमार घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल की. पुलिस घटना की जांच में जुटी है.
इसे भी पढ़ें: झारखंड में 12 अगस्त तक बारिश की संभावना, आज देवघर-दुमका समेत कई जिलों में वर्षा के साथ वज्रपात का अलर्ट