अरुण कुमार यादव/न्यूज 11 भारत
गढ़वा/डेस्क: गढ़वा जिले के रंका अनुमंडल क्षेत्र के अलग क्षेत्रों में इन दिनों बदलाव फाउंडेशन के सहयोग से संचालित “नयी दिशा – Village Development Program” के अंतर्गत रंका प्रखंड की खरडीहा पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, सेरासाम सहित कई गावों ने निःशुल्क सामान्य स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया जा रहा है. इस स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य ग्रामीण समुदाय को उनके घर के निकट गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना, सामान्य बीमारियों की समय पर जांच एवं उपचार सुनिश्चित करना तथा लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना था.
शिविर का उद्घाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रंका के BPM रामनारायण राम, प्रधानाध्यापक शिव कुमार राम, डॉ. नितीश परमार्थी, डॉ. उत्कर्ष मिश्रा, फिरोज खान, सुश्री लवली कुमारी एवं अन्य टीम सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया. इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने ग्रामीणों से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की. शिविर के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रंका की चिकित्सा टीम के सहयोग से विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं. साथ ही टीबी जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें टीबी के लक्षण, बचाव के उपाय, समय पर जांच, नियमित उपचार एवं पोषण के महत्व के संबंध में जानकारी साझा की गई.शिविर में पुरुषों, महिलाओं एवं बच्चों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ रक्तचाप एवं ब्लड शुगर की जांच, खांसी, सर्दी, बुखार एवं अन्य सामान्य रोगों की जांच तथा चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया. इसके अतिरिक्त नेत्र जांच एवं दंत जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई, जिससे ग्रामीण समुदाय को समग्र स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला.
Larsen & Toubro (L&T) के सहयोग से शिविर में आवश्यक औषधियों का निःशुल्क वितरण भी किया गया. वहीं, गंभीर अथवा विशेष उपचार की आवश्यकता वाले 3 मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के लिए रेफर किया गया, ताकि उन्हें आवश्यक आगे की चिकित्सा सुविधा प्राप्त हो सके. शिविर में कुल 237 ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं एवं आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श का लाभ उठाया. इनमें 136 महिलाएं, 101 पुरुष तथा 81 बच्चे शामिल रहे. प्रतिभागियों ने इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों को ग्रामीण क्षेत्रों के लिए उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की. शिविर के सफल आयोजन में बदलाव फाउंडेशन की पूरी टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई. वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रंका की चिकित्सा टीम के सहयोग से शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. “नयी दिशा – Village Development Program” का उद्देश्य ग्रामीण समुदाय में स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं तक लोगों की पहुंच सुनिश्चित करना है. Larsen & Toubro (L&T) एवं बदलाव फाउंडेशन द्वारा भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण समुदाय के स्वास्थ्य एवं समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे.