रोहन निषाद/न्यूज़ 11 भारत
जगन्नाथपुर/डेस्क: रस्सेल उच्च विद्यालय, जगन्नाथपुर में वार्षिक मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में समारोह आयोजित हुआ. कार्यक्रम का संचालन अरविंद तिवारी ने किया. मुख्य अतिथि जगन्नाथपुर के विधायक एवं उप मुख्य सचेतक सोनाराम सिंकु ने मैट्रिक जिला टॉपर जुनैद इक़बाल को प्रशस्ति पत्र व लैपटॉप दिया. इंटर विज्ञान में प्रथम रहीं खुशी गुप्ता को प्रशस्ति पत्र व ट्रॉफी तथा 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' तूराम सिंकू को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया.
विधायक ने कहा कि ये विद्यार्थी विद्यालय, अभिभावकों और क्षेत्र का गौरव हैं. उन्होंने शिक्षा को जीवन की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए अनुशासन, मेहनत और बड़े सपने देखने की प्रेरणा दी. साथ ही युवाओं से नशा, जुआ और सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की अपील की.अंचल अधिकारी मनोज कुमार मिश्रा और बीडीओ अंबिका कुमारी ने भी विद्यार्थियों को कठिन परिश्रम, चरित्र निर्माण और तकनीक के सही उपयोग का संदेश दिया. समारोह में शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन पर पुलिस कार्रवाई को लेकर जेएमएम नेता संजीव तिवारी ने केंद्र सरकार पर बोला हमला