संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिले से प्रेम प्रसंग का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सामाजिक मर्यादाओं को ताक पर रखकर दो परिवारों के बीच हिंसक मोड़ ले लिया है. लंबे समय से चल रहे एक प्रेम संबंध का अंजाम न केवल प्रेमी युगल के फरार होने के रूप में निकला, बल्कि इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और तोड़फोड़ भी हुई.
चेतावनी के बाद भी नहीं थमा इश्क का जुनून
मिली जानकारी के अनुसार, युवक और युवती के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था. इस रिश्ते को लेकर दोनों परिवारों में पहले से ही तनाव व्याप्त था. लड़की के परिजनों ने कई बार लड़के के घर जाकर चेतावनी दी थी कि वे अपने बेटे को समझा लें, वहीं जवाब में लड़के के घरवालों ने भी लड़की के परिजनों को अपनी बेटी पर लगाम लगाने की नसीहत दी थी.
मोहब्बत का चढ़ा ऐसा परवान, कि युवती खुद पहुंची प्रेमी के पास
मामले ने कल उस वक्त नया मोड़ ले लिया जब युवती खुद लड़के के पास पहुंच गई. इसके बाद दोनों घर छोड़कर हुए फरार हो गए. जैसे ही इस बात की खबर लड़की के परिजनों को लगी, उनका गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित परिजनों ने लड़के के घर पर धावा बोल दिया.
हिंसक झड़प और घर में तोड़फोड़
युवती के पक्ष के लोगों ने लड़के के घरवालों की जमकर धुनाई कर दी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट के साथ-साथ लड़के के घर में रखे सामानों की भी जमकर तोड़फोड़ की गई. देखते ही देखते पारिवारिक विवाद ने एक हिंसक झड़प का रूप ले लिया.
थोड़ा उम्र का फासला और एक ही जाति का मामला
इस प्रेम कहानी में सबसे दिलचस्प मोड़ उम्र और सामाजिक पृष्ठभूमि को लेकर है. बताया जा रहा है कि युवती की उम्र युवक से तीन साल अधिक है, जबकि दोनों एक ही जाति (सेम कास्ट) से ताल्लुक रखते हैं. उम्र के इस फासले के बावजूद दोनों ने साथ रहने का फैसला किया, जो परिवारों के बीच विवाद की मुख्य जड़ बना.
घटना के बाद दोनों ही पक्ष अपनी-अपनी शिकायत लेकर थाने पहुंचे हैं. पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुट गई है और फरार प्रेमी युगल की तलाश की जा रही है. इलाके में इस 'अजब प्रेम की गजब कहानी' की चर्चा जोरों पर है.
यह भी पढ़ें: मनोहरपुर प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में कराया गया आवास गृह प्रवेश, आबुआ आवास योजना का लाभुकों को मिला लाभ