ब्योमकेश मिश्रा/न्यूज़11 भारत
चंदनकियारी/डेस्क: सावन की सोमवारी को चिड़का धाम स्थित बाबा गौरीनाथ मंदिर में जलार्पण को लेकर चंदनकियारी के रास्ते श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. रविवार को प्रखंड के सीतानाला स्थित दामोदर नदी से पवित्र जल उठाकर हजारों कांवरिया चंदनकियारी एवं बरमसिया के रास्ते चिड़का धाम स्थित बाबा भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए रवाना हुए.
रविवार की दोपहर से देर शाम तक पूरे मार्ग में ‘बोल बम’ के जयघोष गूंजते रहे. केसरिया वस्त्रों में सजे कांवरियों की भारी भीड़ से एनएच-218 का रास्ता पूरी तरह भक्तिमय नजर आया.
जगह-जगह लगाए गए सेवा शिविर
कांवरियों की सुविधा को देखते हुए एनएच-218 के विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों द्वारा बोलबम सेवा शिविर लगाए गए. इसी क्रम में फतूडीह काली मंदिर के समीप देवग्राम पंचायत के मुखिया मदन रजवार के नेतृत्व में पंचायत के ग्रामीणों द्वारा सेवा शिविर का आयोजन किया गया.
शिविर में श्रद्धालुओं के लिए पानी, शरबत एवं अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई. इसके साथ ही डॉक्टरों की टीम द्वारा श्रद्धालुओं का निःशुल्क इलाज भी किया गया.
मुखिया मदन रजवार ने बताया कि इस वर्ष सेवा शिविर का यह पहला आयोजन है. श्रद्धालुओं की सेवा को देखते हुए आने वाले वर्षों में इससे भी बेहतर और भव्य तरीके से सेवा शिविर आयोजित करने का प्रयास किया जाएगा.
सुरक्षा को लेकर पुलिस रही मुस्तैद
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए अमलाबाद, चंदनकियारी थाना समेत विभिन्न ओपी एवं बरमसिया ओपी की पुलिस लगातार क्षेत्र में गश्त करती नजर आई. पुलिस प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी गई, ताकि कांवरियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.
सावन की सोमवारी को लेकर सारा रात पूरे चंदनकियारी क्षेत्र में भक्ति और आस्था का माहौल बना रहा. हर ओर केसरिया रंग और ‘बोल बम’ के जयघोष से वातावरण शिवमय नजर आया.
यह भी पढ़ें: चंदनकियारी बिजली सबस्टेशन डकैतीकांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार