किशोर कुमार जायसवाल/गुमला
गुमला: सदर थाना क्षेत्र के मोकरो टुकु टोली में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 48 वर्षीय महिला सोमारी उरांव की कुएं में गिरने से मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है. मृतका के भाई मुनेश्वर उरांव ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे सोमारी उरांव रोज की तरह घर के पास स्थित कुएं पर पानी भरने गई थी. इसी दौरान आशंका है कि पैर फिसलने के कारण वह अनियंत्रित होकर कुएं में गिर गई.
करीब डेढ़ घंटे बाद जब अन्य लोग पानी भरने के लिए वहां पहुंचे, तो उन्होंने महिला को कुएं में गिरा हुआ देखा. इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई. स्थानीय लोगों की मदद से महिला को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जिसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया. परिजनों के अनुसार, सोमारी उरांव अविवाहित थी और अपने परिवार के साथ ही रहती थी. घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजन गहरे सदमे में हैं.
यह भी पढ़ें: गुमला में 10वीं की छात्रा ने की आत्महत्या, पेड़ से फांसी के फंदे से झूलता मिला शव, इलाके में शोक की लहर