न्यूज़ 11 भारत
राजगंज/डेस्क: राजगंज थाना क्षेत्र के लाल बाजार में शुक्रवार की रात करीब 26 वर्षीय युवती की मौत का मामला सामने आया है. युवती का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिलने की सूचना है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, घटना के समय युवती घर में अकेली थी. उसकी मां और भाई किसी काम से बाहर गए हुए थे. इसी दौरान घर में युवती द्वारा फंदा लगाने की बात सामने आई. जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए.
बताया जा रहा है कि मृतका की भाभी भी रक्षाबंधन के अवसर पर अपने मायके गई हुई थीं. हालांकि, युवती ने यह कदम क्यों उठाया, इसके पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है.
घटना के बाद स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं, लेकिन मौत के कारणों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है. घटना राजगंज थाना से करीब आधा किलोमीटर की दूरी पर होने की बात बताई जा रही है.
फिलहाल पूरे मामले में किसी भी तरह के निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. युवती की मौत के वास्तविक कारणों का पता पुलिस की जांच और अन्य आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही चल सकेगा.
यह भी पढ़ें: गावां में वज्रपात से पांच मवेशियों की मौत, बरगद पेड़ के नीचे थे सभी पशु