न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिले के सदर थाना पुलिस ने न्यायालय पलामू के निर्देश पर एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में फरार चल रहे अभियुक्त के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को उसके घर सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर इश्तिहार चिपकाया है.
पुलिस के अनुसार, सदर थाना कांड संख्या 107/24, एनडीपीएस एक्ट के मामले में वांछित अभियुक्त निशांत तिवारी, पिता ओमप्रकाश तिवारी, निवासी सुदना, गोरिया आहार के समीप, थाना सदर, जिला पलामू, काफी समय से फरार चल रहा है. न्यायालय द्वारा उसे उपस्थित होने का आदेश दिया गया था, लेकिन वह निर्धारित समय पर न्यायालय में हाजिर नहीं हुआ.
न्यायालय के आदेश के अनुपालन में सदर थाना पुलिस की टीम ने माननीय न्यायालय पलामू के मुख्य द्वार, सुदना गांव के सार्वजनिक पोल तथा अभियुक्त के घर पर इश्तिहार चिपकाया. अभियुक्त के घर पर इश्तिहार चिपकाने के दौरान ग्रामीणों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी भी रही.
इस संबंध में एसआई आशुतोष रजक ने बताया कि यदि अभियुक्त निर्धारित तिथि तक न्यायालय के समक्ष उपस्थित नहीं होता है, तो उसके विरुद्ध कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कानून के तहत आगे की कार्रवाई भी की जाएगी.
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि फरार अभियुक्त निशांत तिवारी के संबंध में कोई जानकारी मिलने पर सदर थाना या डायल 100 पर सूचना दें. सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी. पुलिस फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार अभियान चला रही है.