संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र से मानवता और पुलिस की त्वरित कार्यशैली का एक सराहनीय मामला सामने आया है. आज हैदरनगर बाजार क्षेत्र में एक शादी समारोह में शामिल होने अपने ननिहाल आया 4 वर्षीय बालक राहिब रजा (पिता- अरबाज आलम उर्फ मासूम रज़ा, निवासी मोहमाद मदनी) मार्केटिंग के दौरान अपने परिजनों से बिछड़कर भटक गया था.
जब बच्चा बाजार में अकेला और सहमा हुआ घूम रहा था, तब वहां के एक सतर्क दुकानदार ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत उसे हैदरनगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया.
हैदर नगर थाना प्रभारी ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए बिना देर किए बच्चे से उसका नाम और पता पूछा तथा उसे सुरक्षित अपने पास रखा. इसके बाद हैदरनगर थाना प्रभारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गढ़वा थाना प्रभारी से संपर्क साधा और बच्चे के परिजनों की तलाश शुरू की.
पुलिस के प्रयासों से कुछ ही देर में बच्चे के परिजनों की जानकारी मिल गई और उन्हें तुरंत थाने बुलाया गया. परिजनों के थाने पहुंचने पर हैदरनगर थाना प्रभारी ने पूरी औपचारिकताएं पूरी करते हुए सकुशल बच्चे को उसके माता-पिता और परिजनों को सौंप दिया.
इस सराहनीय और त्वरित कार्य के लिए हैदरनगर थाना प्रभारी ने सहयोग करने वाले सभी स्थानीय दुकानदारों और आम नागरिकों का हार्दिक धन्यवाद व्यक्त किया है.
यह भी पढ़ें: 30 साल पुराने जातिसूचक गाली देने के मामले में हाईकोर्ट का फैसला, हल्का कर्मचारी बरी