मधु सुदन/न्यूज11 भारत
अहिल्यापुर/डेस्क: आदित्यपुर थाना कांड संख्या 211/26 दिनांक 29 जुलाई को आदित्यपुर में होटल संचालक पर फायरिंग मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो प्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गम्हरिया स्टेशन रोड, साई नगर निवासी विक्की कुमार पांडे (34), पिता देवेंद्र नाथ पांडे तथा खूंटी थाना चौक निवासी बजरंगी कुमार महतो (20), पिता हरि महतो के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया एक देशी कट्टा और एक गोली बरामद की गई है. पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में संलिप्त अन्य अपराधकर्मियों के नाम भी बताए हैं. पुलिस इन नामों का सत्यापन करते हुए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
बताया गया कि 28 जुलाई की रात कांड के वादी विशाल गोराई होटल बंद कर घर लौट रहे थे. इसी दौरान भीतरी पुलिया के पास नामजद आरोपी विक्की पांडे ने अपने साथियों के साथ मिलकर कथित रूप से जान मारने की नीयत से उन पर फायरिंग कर दी. इस घटना में विशाल गोराई की कमर के पास गोली लगी थी. मामले की जांच और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है.
यह भी पढ़ें: ईद मिलादुन्नबी पर निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी, हजारों लोग हुए शामिल