न्यूज़11 भारत
धनबाद/डेस्क: कर्माटांड़ विस्थापित कॉलोनी में कथित तौर पर कुछ लोगों द्वारा दबंगई किए जाने का मामला सामने आया है. आरोप है कि कुछ लोग कॉलोनी में रह रहे विस्थापित परिवारों के क्वार्टर में जबरन घुसकर उनके कागजात और दस्तावेजों की जांच करने का प्रयास कर रहे थे.
इसका वहां रह रहे परिवारों ने जोरदार विरोध किया. देखते ही देखते बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और विरोध जताने लगे. महिलाओं ने भी मोर्चा संभालते हुए जबरन क्वार्टर में घुसकर कागजात जांचने का प्रयास कर रहे लोगों का विरोध किया और उन्हें वहां से खदेड़ दिया. स्थानीय परिवारों का कहना है कि वे वर्षों से विस्थापित कॉलोनी में रह रहे हैं और उनके आवास व दस्तावेजों से संबंधित किसी भी तरह की जांच के लिए प्रशासनिक प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए. किसी भी व्यक्ति को जबरन उनके घर में घुसकर कागजात देखने या जांच करने का अधिकार नहीं है.
घटना के बाद कॉलोनी के लोगों में आक्रोश और भय का माहौल है. विस्थापित परिवारों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जबरन घरों में प्रवेश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने और कॉलोनी में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.
स्थानीय लोगों ने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की दबंगई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अपने घर एवं अधिकारों की रक्षा के लिए वे एकजुट होकर आवाज उठाते रहेंगे.
इसे भी पढ़ें: रांची में किस अफसर ने खरीद ली साढ़े 7 करोड़ की संपत्ति? बाबूलाल मरांडी का बड़ा दावा, सरकार से जांच की मांग