प्रेम कुमार सिंह/न्यूज 11 भारत
भरनो/डेस्क: भरनो थाना गेट के समीप शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक की चपेट में आने से एक वृद्ध की मौत हो गई.मृतक की पहचान भरनो हरिजन मोहल्ला निवासी शिवनारायण साहु (65 वर्ष) के रूप में हुई है. वहीं दुर्घटना में बाइक चालक आताकोरा गांव निवासी राजू उरांव (25 वर्ष) भी घायल हो गया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.प्राप्त जानकारी के अनुसार,मारपीट से जुड़े एक मामले में होटल संचालक विजय साहु और उनके पिता शिवनारायण साहु को पुलिस ने पूछताछ एवं मामले के समाधान के लिए थाना बुलाया था.
बताया जाता है कि शाम को दोनों पक्षों के बीच थाने में समझौता हो गया.इसके बाद विजय साहु अपने पिता शिवनारायण साहु के साथ पैदल थाना से बाहर निकले और सड़क पार करने लगे.इसी दौरान बेड़ो की ओर से तेज गति से आ रही एक बाइक ने सड़क पार कर रहे शिवनारायण साहु को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी.बाइक पर दो युवक सवार बताए गए हैं. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वृद्ध गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. दुर्घटना में बाइक चालक राजू उरांव भी घायल हो गया.हादसा थाना गेट के समीप होने के कारण घटना के तुरंत बाद थाना में मौजूद पुलिसकर्मी बाहर निकले.
पुलिसकर्मियों ने तत्काल दोनों घायलों को उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरनो पहुंचाया.परंतु अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद शिवनारायण साहु को मृत घोषित कर दिया.वहीं घायल बाइक चालक राजू उरांव का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है.वृद्ध की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.हादसे के बाद भरनो थाना क्षेत्र में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.घटना को लेकर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है.थाना गेट के समीप हुई इस दुर्घटना ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.स्थानीय लोगों का कहना है कि थाना एवं मुख्य सड़क के आसपास वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है,ऐसे में सड़क पार करते समय विशेष सावधानी की आवश्यकता है. पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों और बाइक पर सवार दूसरे युवक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है.
यह भी पढ़ें: चतरा में विवाहिता की निर्मम हत्या, साक्ष्य मिटाने के लिए रातो-रात किया अंतिम संस्कार, 3 आरोपी गिरफ्तार