उत्तम विश्वकर्मा/न्यूज़ 11 भारत
राजगंज/डेस्क: साइबर अपराध से बचाव और डिजिटल सुरक्षा को लेकर राजगंज थाना क्षेत्र के धावाचिता स्थित वनस्थली विद्यापीठ में सोमवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व बाघमारा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजीत कुमार विमल एवं राजगंज थाना प्रभारी संजीव कुमार झा ने किया.
कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों और उससे बचने के उपायों की जानकारी दी गई. पुलिस अधिकारियों ने फर्जी लिंक, ओटीपी, यूपीआई पिन, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल, साइबर बुलिंग और अन्य ऑनलाइन धोखाधड़ी से सावधान रहने की अपील की.
विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिए. साथ ही अपना OTP, UPI PIN, ATM/डेबिट कार्ड की जानकारी और पासवर्ड किसी भी व्यक्ति के साथ साझा नहीं करना चाहिए. साइबर ठगी होने पर बिना देरी किए इसकी शिकायत करने की सलाह दी गई.
पुलिस की ओर से साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने और National Cyber Crime Reporting Portal के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई.
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं और सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार अपनाने का संकल्प लिया.
मौके पर बाघमारा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजीत कुमार विमल , राजगंज थाना प्रभारी संजीव कुमार झा समेत विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे. राजगंज थाना एवं धनबाद पुलिस की ओर से युवाओं और विद्यार्थियों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने के लिए ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं.
यह भी पढ़ें: गढ़वा DC जिले में शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही पर सख्त, खराब प्रदर्शन पर स्पष्टीकरण व वेतन रोकने का निर्देश