राहुल सिंह/न्यूज11 भारत
रामगढ़/डेस्क: रामगढ़: जिले में हो रही वर्षा एवं मानसून के दौरान संभावित प्राकृतिक आपदाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है. उपायुक्त ऋतुराज के निर्देशानुसार जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा लोगों से अपील की गई है कि वे मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की आपदा की स्थिति में अफवाहों पर ध्यान न देकर प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का अनुपालन करें.
जिला प्रशासन ने कहा है कि भारी वर्षा के दौरान नदी, नाले, तालाब, डैम एवं जलभराव वाले क्षेत्रों के निकट जाने से बचें. तेज बहाव वाले पानी को पार करने का प्रयास न करें तथा बच्चों को ऐसे स्थानों पर अकेले न जाने दें. जलभराव वाले क्षेत्रों में वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें तथा अनावश्यक यात्रा से बचें.
आकाशीय बिजली की संभावना होने पर खुले मैदान, खेत, ऊंचे पेड़, बिजली के खंभों एवं धातु की वस्तुओं से दूर रहें. बिजली कड़कने के दौरान घर के अंदर सुरक्षित स्थान पर रहें तथा मोबाइल चार्जर, बिजली के उपकरण एवं तारों के संपर्क से बचें. किसान भाई मौसम सामान्य होने के बाद ही खेतों में कार्य करें.
तेज हवा एवं आंधी के दौरान कमजोर एवं जर्जर भवनों, दीवारों तथा पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें. घरों की छतों पर रखी ढीली वस्तुओं को सुरक्षित रखें तथा बिजली के टूटे हुए तार दिखाई देने पर उनसे दूरी बनाए रखें और तुरंत संबंधित विभाग को सूचना दें.
पहाड़ी एवं ढलान वाले क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों से अपील की गई है कि लगातार वर्षा होने पर भूस्खलन या मिट्टी धंसने जैसी घटनाओं की आशंका को देखते हुए सतर्क रहें. किसी भी प्रकार की दरार, मिट्टी खिसकने या असामान्य स्थिति दिखाई देने पर तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचित करें.
बरसात के मौसम में जलजनित एवं संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए केवल स्वच्छ एवं उबला हुआ या फिल्टर किया हुआ पानी पीने, ताजा एवं स्वच्छ भोजन करने तथा घरों के आसपास जलजमाव नहीं होने देने की सलाह दी गई है. मच्छरों से बचाव के लिए पूरी बांह के कपड़े पहनें, मच्छरदानी का उपयोग करें तथा घरों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखें.
वाहन चालकों से अपील की गई है कि वर्षा के दौरान धीमी गति से वाहन चलाएं, सुरक्षित दूरी बनाए रखें, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा जलभराव वाले मार्गों एवं क्षतिग्रस्त सड़कों पर विशेष सावधानी बरतें.
जिला प्रशासन ने नागरिकों से आग्रह किया है कि किसी भी आपात स्थिति, दुर्घटना या प्राकृतिक आपदा की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन, पुलिस अथवा संबंधित विभाग को दें, ताकि त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किया जा सके.
उपायुक्त श्री ऋतुराज ने कहा कि आपदा से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय जागरूकता एवं समय पर सतर्कता है. सभी नागरिक मौसम विभाग की आधिकारिक सूचना पर भरोसा करें, अफवाहों से बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए स्वयं एवं अपने परिवार को सुरक्षित रखें.
यह भी पढ़ें: पारिवारिक विवाद के बाद युवक ने किया आत्महत्या का प्रयास, हालत गंभीर, मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर