प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: सेवा संकल्प अभियान के तहत वडनगर से वाराणसी तक निकाली जा रही जल, जन एवं सेवा संकल्प यात्रा को लेकर बेतला स्थित सभागार में भाजपा बरवाडीह मंडल की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष मनोज प्रसाद ने की. इस दौरान आगामी 4 अक्टूबर को बेतला एवं पलामू किला में प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों और संगठनात्मक रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश महामंत्री सह कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक मनोज सिंह तथा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज शामिल हुए. इनके अलावा जिला महामंत्री सह जिला कार्यक्रम संयोजक छोटू राजा, पलामू जिला अध्यक्ष अमित तिवारी, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष विपुल गुप्ता, प्रदेश मंत्री विश्वजीत पाठक, आईटी सेल के पलामू प्रमंडलीय प्रभारी आशीष भारद्वाज एवं पलामू जिला प्रभारी रघुवीर यादव मौजूद रहे.
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा का उद्देश्य सेवा, जनभागीदारी और संगठन की सक्रियता को आम लोगों तक पहुंचाना है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से 4 अक्टूबर के कार्यक्रम को लेकर बूथ स्तर तक समन्वय स्थापित करने, अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा कार्यक्रम में अनुशासन बनाए रखने का आह्वान किया. उन्होंने कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए.
उन्होंने बताया कि 4 अक्टूबर को बेतला और पलामू किला में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, सांसद कालीचरण सिंह समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता शामिल होंगे. कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपने तथा सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने पर जोर दिया गया. वडनगर से वाराणसी तक निकाली जा रही सेवा संकल्प यात्रा 17 सितंबर से शुरू हुए व्यापक सेवा संकल्प अभियान का हिस्सा है. यात्रा के दौरान सेवा गतिविधियों, जनसंवाद और युवाओं की भागीदारी के माध्यम से सामाजिक सरोकारों का संदेश लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है. युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है. उन्होंने युवा कार्यकर्ताओं से पूरी ऊर्जा और जिम्मेदारी के साथ 4 अक्टूबर के कार्यक्रम की तैयारियों में जुटने की अपील की.
बैठक में जिला उपाध्यक्ष ईश्वरी सिंह, जिला सोशल मीडिया सह प्रभारी बंटी ठाकुर, मंडल उपाध्यक्ष विवेक सिंह एवं सखीचंद प्रसाद, महामंत्री प्रवीण कुमार, जिला सांसद प्रतिनिधि विकास तिवारी, सांसद प्रतिनिधि दीपक राज, दीपक तिवारी, जिला परिषद सदस्य कन्हाई सिंह, मंत्री संजीव कुमार गुप्ता, कमलेश यादव, विनय चंदेल, नागमणि समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे.