प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: भारत के पूर्व राष्ट्रपति, भारत रत्न एवं "मिसाइल मैन" के नाम से विख्यात डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर सोमवार को भारतीय जनता पार्टी बरवाडीह मंडल की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया. मंडल अध्यक्ष मनोज प्रसाद के नेतृत्व में प्लस टू उच्च विद्यालय, बरवाडीह परिसर स्थित डॉ. कलाम की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई. इस अवसर पर उपस्थित भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने डॉ. कलाम के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया. मंडल अध्यक्ष मनोज प्रसाद ने कहा कि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का जीवन राष्ट्रसेवा, विज्ञान और शिक्षा के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है. उन्होंने अपने ज्ञान, सादगी और दूरदर्शिता से देश के करोड़ों युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा दी. उनका योगदान सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा. सांसद प्रतिनिधि दीपक राज ने कहा कि डॉ. कलाम का मानना था कि देश का भविष्य विद्यार्थियों और युवाओं के हाथों में है. उनके विचारों को आत्मसात कर नई पीढ़ी को विज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ाने की आवश्यकता है. श्रद्धांजलि कार्यक्रम के उपरांत भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने विद्यालय परिसर में स्थापित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) लैब का निरीक्षण किया. उन्होंने वहां उपलब्ध आधुनिक संसाधनों, तकनीकी सुविधाओं तथा विद्यार्थियों को दी जा रही एआई आधारित शिक्षा की जानकारी प्राप्त की. विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सुनीता खलको ने बुके भेंटकर अतिथियों का स्वागत किया तथा विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और विकास योजनाओं से उन्हें अवगत कराया. निरीक्षण के दौरान विद्यालय के समग्र विकास, आधुनिक तकनीकी संसाधनों के विस्तार तथा विद्यार्थियों को डिजिटल एवं एआई आधारित शिक्षा से जोड़ने के संबंध में भी विस्तृत चर्चा हुई. भाजपा नेताओं ने आश्वस्त किया कि विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं तकनीकी सुविधाओं के विस्तार के लिए आवश्यक पहल को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा. कार्यक्रम में जिला सोशल मीडिया सह प्रभारी अनिल ठाकुर, भाजयुमो उपाध्यक्ष प्रवीण कुमार, वरिष्ठ नेता विनय चंदेल, युवा मोर्चा कोषाध्यक्ष संतोष विश्वकर्मा, युवा नेता अतुल सिंह, सागर कुमार सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: कस्तूरबा विद्यालय में अभिभावक सम्मेलन, विधायक को सौंपा गया खेल मैदान निर्माण का मांग पत्र