संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिले केनीलांबर-पीतांबरपुर प्रखंड क्षेत्र में गरीबों के बीच नि:शुल्क वितरण किए जाने वाले अंत्योदय योजना के चावल की कथित कालाबाजारी का मामला सामने आया है. गुरुवार को लेस्लीगंज के सीओ जागो महतो और एमओ नारायण महतो ने संयुक्त रूप से झारहा में छापेमारी कर कुल 14 बोरा चावल जब्त किया.
छापेमारी के दौरान झारहा निवासी अजीजुल मियां के मकान से 9 बोरा तथा सोनू किराना दुकान से 5 बोरा चावल बरामद किया गया. इसके अलावा मौके से बड़ी संख्या में खाली बोरे और बोरे में लगने वाले रैपर भी मिले. प्रशासन ने संबंधित दुकान और मकान के उस हिस्से को, जहां अनाज का गोदाम बनाया गया था, ताला बंद कर दिया है.
मकान मालिक अजीजुल मियां ने अधिकारियों को बताया कि रामसागर निवासी अजमल अंसारी पिछले तीन-चार वर्षों से किराये पर मकान लेकर अनाज रखने और बेचने का काम करता था. वहीं सोनू किराना दुकान के दुकानदार ने भी बताया कि अजमल चावल की बोरी दुकान पर गिराकर वहां से चला गया.
सरकारी खाद्यान्न की कालाबाजारी गंभीर अपराध - सीओ जागो महतो
मामले को गंभीरता से लेते हुए सीओ जागो महतो ने कहा कि गरीबों के बीच वितरण किए जाने वाले सरकारी खाद्यान्न की कालाबाजारी गंभीर अपराध है. इस मामले में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने एमओ नारायण महतो को मामला दर्ज कराने का निर्देश दिया है. साथ ही पूरे मामले की गहन जांच करने की बात कही.
अब जांच के बाद यह स्पष्ट होना है कि जब्त चावल सरकारी जनवितरण प्रणाली का ही है या नहीं, यदि है तो वह लाभुकों तक पहुंचने के बजाय कथित तौर पर निजी स्तर पर कैसे पहुंचा. इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और क्या कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है, यह भी जांच का विषय है. प्रशासन की जांच और कार्रवाई के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आ पाएगी |
यह भी पढ़ें: बरवाडीह में नशे के सौदागरों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, ब्राउन शुगर के साथ दो गिरफ्तार