न्यूज़11 भारत
चाईबासा/डेस्क: गोइलकेरा थाना क्षेत्र के बड़ैला में पुजारी गोरा अंगरिया हत्याकांड के आरोपी पोंडे राम अंगरिया का शव मिलने से सनसनी फैल गई है. आज शनिवार सुबह गांव से करीब एक किलोमीटर दूर सेरेंगदा पहाड़ी पर संदिग्ध अवस्था में 24 वर्षीय पोंडे राम अंगरिया का शव बरामद किया गया.
सूचना मिलते ही गोइलकेरा थाना प्रभारी विक्रांत मुंडा और सब इंस्पेक्टर सुभाष महतो पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और मृतक के शव को बरामद किया.
बताते चलें 2 सितंबर की सुबह पोंडे राम अंगरिया के घर पर झाड़ फूंक करने वाले पुजारी गोरा अंगरिया की चाकुओं से हमला कर हत्या कर दी गई थी. इसके बाद से ही आरोपी पोंडे राम अंगरिया फरार था. परिजनों के अनुसार उसकी मानसिक अवस्था ठीक नहीं थी और पुजारी झाड़ फूंक से उसे ठीक करने का प्रयास कर रहे थे. रात में पूजा-पाठ के बाद गोरा अंगरिया उसी के घर पर सोए हुए थे, जहां उनकी हत्या कर दी गई थी. दो दिनों से फरार चल रहे पोंडे राम अंगरिया की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही थी, इसी बीच आज उसका शव मिलने से मामले में नया मोड़ आ गया है.
पहाड़ी पर मिले शव के गर्दन पर गहरे जख्म मिले हैं, जबकि मृतक के पैंट की जेब से ब्लेड पाया गया है. मामला हत्या अथवा आत्महत्या का है, पुलिस इसकी जांच कर रही है. ग्रामीण मुंडा गोमा अंगरिया ने बताया कि सबसे पहले गांव के चरवाहों ने पहाड़ी पर पोंडे राम अंगरिया के शव को देखा और उन्हें इसकी जानकारी दी. जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई. शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है.
इसे भी पढ़ें: JPSC के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते की जमानत याचिका ख़ारिज