राजन पाण्डेय/न्यूज11 भारत
चैनपुर/डेस्क: चैनपुर थाना क्षेत्र के प्रेमनगर में ज़मीन के पुराने विवाद को लेकर एक महिला पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है. इस हिंसक झड़प में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसके सिर और चेहरे पर गहरे ज़ख्म आए हैं. पीड़िता की पहचान प्रेमनगर निवासी मीरा देवी के रूप में की गई है. फिलहाल महिला का इलाज अस्पताल में चल रहा है.घायल मीरा देवी ने घटना की आपबीती बताते हुए कहा कि वह अपनी निजी ज़मीन पर निर्माण कार्य करवाने के लिए ट्रैक्टर से ईंटें उतरवा रही थीं. इसी दौरान वहां मौजूद कौशल्या देवी और उनके परिवार के लोगों ने अचानक ट्रैक्टर चालक के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी.
पीड़िता मीरा देवी ने कहा 'हम ईंट गिरवा रहे थे, तभी वे लोग ट्रैक्टर वाले को ईंट से मारने लगे. जब मैंने बीच-बचाव करते हुए पूछा कि उसे क्यों मार रहे हो, जो बात है हमसे करो... तो इतने में ही उन्होंने कुदाल उठाई और सीधे मेरे चेहरे और सिर पर दो बार वार कर दिया. 'पीड़िता के अनुसार, हमला बेहद अचानक और घातक था. आरोपियों ने बिना किसी चेतावनी के सीधे उनके चेहरे को निशाना बनाया, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ीं. आनन-फानन में परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया.
महिला के सिर और आंखों के पास गहरे ज़ख्म हैं, जहां डॉक्टरों ने पट्टी बांधी है.मीरा देवी का दावा है कि जिस ज़मीन पर वह काम करवा रही थीं, उससे जुड़े सभी वैध कागज़ात उनके पास मौजूद हैं. इस काम को शुरू करने से पहले उन्होंने संबंधित अधिकारियों से भी मुलाकात की थी, जहां से उन्हें काम आगे बढ़ाने का पूरा आश्वासन मिला था. इसके बावजूद, आरोपियों ने कानून को हाथ में लेते हुए इस हिंसक वारदात को अंजाम दिया.घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमार और एएसआई संतोष धर्मपाल लुगुन दल-बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे जांच में जुटी.
यह भी पढ़ें: ट्रेनों के रद्द होने से बढ़ी परेशानी, रेल उपभोक्ता समिति ने DRM को सौंपा ज्ञापन