न्यूज़11 भारत
धनबाद/डेस्क: भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल और उनके मुख्य निजी सहायक के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. यह कार्रवाई धनबाद के सरायढेला थाने में न्यायालय के आदेश के बाद की गई. मामला बोकारो जिले के दुग्धा निवासी सचिन हेंब्रम की शिकायत पर दर्ज हुआ है.
शिकायतकर्ता ने लगाए गंभीर आरोप
शिकायत में सचिन हेंब्रम ने आरोप लगाया है कि उनके पिता स्वर्गीय दशरथ मांझी बीसीसीएल की मधुबन वाशरी में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे. वर्ष 2010 में उनके निधन के बाद सचिन ने अनुकंपा के आधार पर नौकरी पाने के लिए आवेदन किया था. उनका कहना है कि नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए वह लंबे समय से बीसीसीएल के कोयला भवन स्थित कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे. शिकायतकर्ता के मुताबिक, नौकरी से संबंधित आवेदन लेकर सीएमडी कार्यालय पहुंचने पर कथित तौर पर उनके साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया जाता था और अलग-अलग कारण बताकर उन्हें वापस भेज दिया जाता था.
जून में कार्यालय में हुई कथित घटना
सचिन हेंब्रम ने अपनी शिकायत में 17 और 18 जून 2026 की घटनाओं का भी उल्लेख किया है. उनका आरोप है कि वह नियोजन से संबंधित आवेदन लेकर सीएमडी से मिलने उनके कार्यालय पहुंचे थे. शिकायत के अनुसार, उन्हें देखते ही सीएमडी कथित रूप से नाराज हो गए और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उनके साथ गाली-गलौज की गई. सचिन का आरोप है कि इसके बाद सीएमडी के मुख्य निजी सहायक ने भी उनके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया और उन्हें कार्यालय से बाहर निकाल दिया.
पुलिस और अन्य अधिकारियों से भी की शिकायत
शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्होंने कथित घटना के बाद स्थानीय पुलिस के अलावा धनबाद के उपायुक्त और राष्ट्रीय जनजाति आयोग के समक्ष भी अपनी शिकायत रखी. उनका कहना है कि विभिन्न स्तरों पर शिकायत के बावजूद जब उन्हें अपेक्षित कार्रवाई नहीं मिली, तो उन्होंने न्यायालय का रुख किया. न्यायालय में दायर शिकायत के आधार पर सरायढेला थाना पुलिस ने एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है.