ब्योमकेश मिश्रा/न्यूज़11 भारत
चंदनकियारी/डेस्क: प्रखंडस्तरीय पंचायत समिति की बैठक शुक्रवार को प्रखंड प्रमुख निवारण सिंह चौधरी की अध्यक्षता में प्रखंड सभागार में आयोजित हुई. बैठक में पिछली बैठक में प्रस्तावित मुद्दों की समीक्षा के बाद बाल विकास, शिक्षा, आपूर्ति, बिजली, कृषि-सहकारिता, पशुपालन एवं राजस्व विभाग से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की गई. सदस्यों ने अधिकारियों एवं कर्मियों की कथित मनमानी और लापरवाही को लेकर सवाल उठाए.
प्रमुख निवारण सिंह चौधरी ने कहा कि आपूर्ति विभाग द्वारा निर्गत डोर-स्टेप डिलीवरी एजेंट का कार्यकाल समाप्त हुए कई महीने बीत चुके हैं, बावजूद इसके अब तक नए टेंडर का आवंटन नहीं किया गया है और पुराने एजेंट को ही कार्य पर रखा गया है. उन्होंने इसे विभागीय मनमानी के साथ-साथ गंभीर लापरवाही बताया.
वहीं बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए प्रमुख ने कहा कि प्रखंड के विभिन्न गांवों में हाई वोल्टेज बिजली के तार जनबहुल क्षेत्रों में झूलते और अव्यवस्थित स्थिति में हैं, जिससे कभी भी दुर्घटना हो सकती है. इसके बावजूद विभाग इस दिशा में गंभीरता नहीं दिखा रहा है.
उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामीण उपभोक्ताओं को वास्तविक खपत से अधिक अनाप-शनाप बिजली बिल भेजे जा रहे हैं और इसके बाद उन पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है.
प्रमुख ने चंदनकियारी विद्युत सबग्रिड में पिछले दिनों हुई डकैती की घटना का भी मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि सबग्रिड परिसर में कई कर्मियों के रहने के बावजूद इतनी बड़ी घटना होना गंभीर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बिजली सबग्रिड में हुई डकैती का जल्द खुलासा नहीं हुआ, तो पंचायत समिति के सदस्यों के साथ बिजली विभाग के खिलाफ अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा.
बैठक में बीडीओ अजय वर्मा, सांसद प्रतिनिधि विनोद गोराई, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मी एवं पंचायत समिति के सदस्य मौजूद थे.