न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: लालपुर थाना क्षेत्र स्थित हरिओम टावर में बिना ट्रेड लाइसेंस संचालित हो रहे कोचिंग संस्थानों के खिलाफ नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है. नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर नियमों का उल्लंघन कर संचालित किए जा रहे चार कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया.
नगर निगम की ओर से इन कोचिंग संस्थानों को पहले ही नोटिस जारी किया गया था. नोटिस के बावजूद संस्थानों का संचालन जारी रहने के बाद निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए हरिओम टावर पहुंचकर संस्थानों को सील किया.
कार्रवाई के दौरान नगर निगम के अधिकारी समेत पूरी टीम मौके पर मौजूद रही. जांच के बाद बिना ट्रेड लाइसेंस संचालित किए जा रहे कोचिंग संस्थानों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई की गई. नगर निगम की कार्रवाई में पतंजलि आईएएस एकेडमी, मोशन और पाठशाला समेत हरिओम टावर में संचालित कुल चार कोचिंग संस्थानों को सील किया गया है.