अमित कुमार/न्यूज11 भारत
महागामा/डेस्क: डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल ई.सी.एल. ऊर्जानगर में भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पूर्व अवसर पर भव्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया. कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं बाल लीलाओं से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को जीवंत कर सभी को भाव-विभोर कर दिया.
इस अवसर पर अनेक विद्यार्थी भगवान श्रीकृष्ण, राधा एवं बाल गोपाल की आकर्षक वेशभूषा में नजर आए. विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों एवं पारंपरिक परिधानों ने पूरे कार्यक्रम को आकर्षक और आध्यात्मिक रंग से भर दिया.
कार्यक्रम का कुशल संचालन प्रशंसा कुमारी एवं अतीका, कक्षा दसवीं ‘अ’ की छात्राओं द्वारा किया गया. वहीं कक्षा ग्यारहवीं की छात्रा अनुष्का शंकर ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनके आदर्शों पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया.
कृष्ण जन्माष्टमी के इस विशेष आयोजन की तैयारी में संगीत शिक्षिका मीना कैवर्त्य के साथ रंजीता तिवारी एवं नीतू कुमारी का महत्वपूर्ण योगदान रहा. कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रीति कुमारी, मधुमाला कुमारी, एस. एस. मुर्मू, संस्कृति, वंदना रॉय चटर्जी, प्रियांशी कुमारी एवं विनीता सोरेन सहित अन्य शिक्षिकाओं का सराहनीय सहयोग रहा.
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य संजीव कुमार श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से हमें सत्य, प्रेम, कर्तव्यनिष्ठा, नीति एवं सदैव धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा लेनी चाहिए. उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन हमें कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य, विवेक और आत्मविश्वास के साथ सही मार्ग का चयन करना सिखाता है.
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं अन्य सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही. सभी ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया.
यह भी पढ़ें: ऑटो-टोटो चालकों को भारी पड़ी लापरवाही, पुलिस ने 31 वाहन किए जब्त